Bihar Cabinet Expansion : नीतीश कैबिनेट में सम्राट चौधरी बने पंचायती राज विभाग के मुखिया, जानें सभी नए मंत्रियों ने क्या कहा

PATNA (MR) : Bihar Cabinet Expansion : बिहार में सियासी उठापटक के बीच नीतीश कैबिनेट का विस्तार हो गया। राज्यपाल फागू चौहान ने मंगलवार को दोपहर में नए सभी 17 मंत्रियों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही प्रदेश में कुल मंत्रियों की संख्या 31 हो गयी। इसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल हैं। राज्यपाल ने कैबिनेट विस्तार के साथ ही नए सिरे से सभी मंत्रियों को विभाग भी आवंटित कर दिया। तीसरी बार मंत्री बने सम्राट चौधरी को पंचायती राज मंत्री बनाया गया है। जानें नए सभी, 17 मंत्रियों ने अपनी प्राथमिकताओं के बारे में क्या कहा। 

सम्राट चौधरी (मंत्री, पंचायती राज विभाग) : बिहार के गांव-गांव में विकास को पहुंचना सरकार का लक्ष्य है। विकास की धारा पंचायतों तक पहुंचेगी। हर पंचायत का विकास होगा। मुझे जो जिम्मेवारी मिली है, उसका पूरी ईमानदारी के साथ पालन करूंगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास के क्षेत्र में परचम लहराएगा। 

शाहनवाज हुसैन (मंत्री, उद्योग विभाग) : जिस भरोसे के साथ केंद्रीय नेतृत्व ने बिहार भेजा है, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में उस पर खड़ा उतरने की कोशिश होगी। जिम्मेदारी को भरपूर निभाऊंगा। बिहार कैसे आगे बढ़े, कैसे उद्योग-धंधे के क्षेत्र में प्रगति हो, कैसे लोगों को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़े और अधिकाधिक लोगों को यहीं काम मिले, ये मेरी प्राथमिकताएं होंगी।

सुमित कुमार सिंह (मंत्री, विज्ञान एवं प्रावैधिकी विभाग) : मेरे पास फिलहाल कोई शब्द नहीं है। आभार जताना चाहता हूं कि मंत्रिमंडल में शामिल होकर नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार की सेवा करने का मौका मिला है। मेरी एकमात्र प्राथमिकता है और वह है खूब काम करना। भरोसे पर खड़ा उतरना। 

नितिन नवीन (मंत्री, पथ निर्माण विभाग) : हम पर जो भाजपा आलाकमान ने विश्वास जताया है, उसके लिए उनका कोटि-कोटि धन्यवाद करते हैं और पटना और बिहार के विकास के लिए काम करते रहेंगे। अब पटना में जलजमाव ना हो, इसके लिए तो काम करेंगे ही, बिहार में सड़कों का जाल बिछाएंगे। राज्य की सड़कें चकाचक होंगी। 

संजय झा (मंत्री, जल संसाधन व सूचना जनसंपर्क विभाग) : मंत्रिमंडल में दोबारा मौका देने के लिए सीएम नीतीश कुमार के प्रति कृतज्ञ हूं। उनका यह कार्यकाल गेम चेंजर साबित होने वाला है। वे 100 साल बाद की भी चिंता कर रहे हैं। जल-जीवन-हरियाली उसी का ड्रीम प्रोजेक्ट है। हमारी प्राथमिकता है कि उत्तर बिहार में बाढ़ से जो नुकसान होता है उसको न्यूनतम करें। मुख्यमंत्री भी इस दिशा में प्रयासरत रहे हैं। 

जयंत राज (मंत्री, ग्रामीण कार्य विभाग) : मुझे बड़ी जिम्मेवारी दी गयी है। इसका पूरी ईमानदारी के साथ निर्वहन करूंगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने युवा कंधा पर जो भरोसा जताया है, उसे टूटने नहीं दूंगा। ग्रामीण इलाकों में काम बोलेगा। 

प्रमोद कुमार (मंत्री, गन्ना उद्योग एवं विधि विभाग) : मोतिहारी की जनता, भाजपा के केंद्रीय व प्रदेश नेतृत्व तथा बिहार के मुख्यमंत्री के प्रति आभार कि मुझे फिर मौका दिया। मुझे विकास की जो जिम्मेवारी मिली है, उसका निर्वहन पूरी ईमानदारी के साथ करूंगा। बिहार की खुशहाली में योगदान करने की हमारी सार्थक कोशिश होगी। 

मदन सहनी (मंत्री, समाज कल्याण विभाग) : तीसरी बार दायित्व मिला है। जो विभाग मिला है, उसके कार्यकलापों में और बेहतरी के लिए सकारात्मक बदलाव लाएंगे। मुख्यमंत्री के सहयोगी के रूप में तत्परता से काम करेंगे। सरकार के कामकाज के साथ ही अपने दल जदयू की मजबूती के लिए भी लगातार काम करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। 

नीरज कुमार बबलू ( मंत्री, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग) : प्रधानमंत्री का सपना आत्मनिर्भर भारत और मुख्यमंत्री का सपना आत्मनिर्भर बिहार को पूरा करने में अपना योगदान देंगे। ईश्वर की कृपा है, यह मौका मिला है। छातापुर की जनता का आभारी हूं कि पांचवीं बार जिताकर सदन में भेजा है। युवाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में कुछ ठोस काम करने की चाहत है। 

लेसी सिंह (मंत्री, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग) :  हमलोग 1996 से नीतीश कुमार के साथ काम कर रहे हैं। समता पार्टी से लेकर जदयू तक साथ हैं। महिलाओं के सशक्तीकरण तथा युवाओं को रोजगार देने की दिशा में योगदान करूंगी। नीतीश कुमार के सपनों का बिहार बनाना हमारी प्राथमिकता है। 

नारायण प्रसाद (मंत्री, पर्यटन विभाग) : मैं गांव-गरीब और अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में काम करूंगा। हमारी पार्टी की भी यही प्राथमिकता है। केंद्रीय नेतृत्व ने जो निर्देश दिया है, उसके मुताबिक बिहार के विकास में योगदान दूंगा। 

जमा खान (मंत्री, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग) : मैं बसपा छोड़कर जदयू में इसलिए आया, ताकि अपने निर्वाचन क्षेत्र का विकास कर सकूं। जनता से किया वादा पूरा करूं। खुशी है, अब क्षेत्र के साथ पूरे राज्य के लिए काम का मौका मिला है। 

सुनील कुमार (मंत्री, मद्य निषेध विभाग) : बिहार में शराबबंदी कानून लागू है। यह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का ड्रीम प्रोजेक्ट है। शराबबंदी को और कड़ाई से लागू किया जाएगा। गड़बड़ी करने वाले नहीं बख्शे जाएंगे, चाहे वह अधिकारी हो या कर्मचारी अथवा असामाजिक तत्व। 

जनक राम (मंत्री, खान व भूतत्व विभाग) : सरकार के कार्यों को लोगों के बीच पहंचाऊंगा। सूबे का और तेजी से विकास होगा। 

आलोक रंजन झा (मंत्री, कला संस्कृति विभाग) : कला संस्कृति के क्षेत्र में भी बिहार आगे बढ़ेगा। बिहार में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। पूरे बिहार में दिखेगा विभाग का काम। कला और खेल विश्वविद्यालयों की होगी स्थापना। स्थानीय कलाकारों को करेंगे प्रोत्साहित। पहले एक सप्ताह विभाग को समझेंगे। फिर एजेंडा या अन्य विषय तय होंगे।

सुबाश सिंह (मंत्री, सहकारिता विभाग) : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जो जिम्मेवारी दी, उसका पूरी ईमानदारी से निभाऊंगा। विभाग से लोगों की शिकायतें नहीं रहेगी। 

श्रवण कुमार ( मंत्री, ग्रामीण विकास): मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने फिर से भरोसा किया, इसके लिए शुक्रगुजार हूं। बिहार विकास के पथ पर लगातार आगे बढ़ रहा है। जनता ने नीतीश कुमार पर फिर से भरोसा किया है। सरकार बनाई है। सूबे के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *