नरेंद्र मोदी ने वैशाली से मुंगेर की स्वास्थ्य योजनाओं का किया उद्घाटन, विधायक कुमार प्रणय ने पीएम और सीएम के प्रति जताया आभार

Radio Mukhiyajee | Patna

मुंगेर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। सदर प्रखंड में 5.75 करोड़ रुपये की लागत से बने नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवन का उद्घाटन हुआ। इसके साथ ही बरियारपुर और सदर प्रखंड में दो आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के भवनों का भी लोकार्पण किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इनका उद्घाटन किया। उद्घाटन वैशाली जिले के राजापाकर में आयोजित ऐतिहासिक जनसभा से हुआ। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने करीब 34 हजार करोड़ रुपये की 227 से अधिक विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 6-लेन ‘नीतीश सेतु’ का भी उद्घाटन किया। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी सहित कई केंद्रीय मंत्री व बिहार सरकार के मंत्री शामिल थे।

वैशाली में मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अन्य।
यशोदा देवी पारामाउंट पब्लिक स्कूल, हवेली खड़गपुर (मुंगेर)

मुंगेर के विधायक कुमार प्रणय ने मुखियाजी डॉट कॉम को बताया कि नया सीएचसी भवन बनने से मुंगेर सदर प्रखंड और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों को इलाज के लिए अब दूर नहीं जाना पड़ेगा। साथ ही, मरीजों को बेहतर माहौल और सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है और यह उसी दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने यह भी बताया कि बरियारपुर और सदर प्रखंड में बने दो आयुष्मान आरोग्य मंदिर आम लोगों के लिए प्राथमिक उपचार का मजबूत केंद्र साबित होंगे। उनके अनुसार, इन केंद्रों पर जांच, परामर्श और दवा जैसी बुनियादी सुविधाएं पास में ही उपलब्ध होंगी, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि पहले छोटी-छोटी बीमारियों के लिए भी लोगों को शहर की ओर भागना पड़ता था। अब गांव के पास ही इलाज की सुविधा मिलेगी, इससे समय और पैसा दोनों की बचत होगी।

कुमार प्रणय ने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार के संकल्प और नेतृत्व में बिहार विकसित, समृद्ध व आत्मनिर्भर बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री द्वारा दी गयी परियोजनाएं राज्य में सड़क संपर्क, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को नयी गति देंगी, जिसका लाभ मुंगेर समेत पूरे प्रदेश को मिलेगा। विधायक ने समस्त मुंगेरवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे। स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को जमीन पर उतारने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। मुंगेर की जनता को हर सुविधा उनके अपने क्षेत्र में मिले, यही हमारा लक्ष्य है।

इसे भी पढ़ें 👇