बिहार विधान परिषद में फिलहाल 50 कर्मियों की नियुक्ति रद्द, यह बहाली अवधेश नारायण सिंह के कार्यकाल में हुई थी; और पर भी नजर!

Mukhiyajee Reporter | Patna

बिहार विधान परिषद सचिवालय में अवधेश नारायण सिंह के कार्यकाल में की गयी वर्तमान बहाली की प्रक्रिया रद्द कर दी गयी है। परिषद सचिवालय ने निजी सहायक और निम्न वर्गीय लिपिक के रिक्त पदों पर सीधी भर्ती की पूरी नियुक्ति प्रक्रिया निरस्त करने की सूचना जारी की है। इस पूरे मामले में सबसे अहम तथ्य यह है कि अंतिम परीक्षाफल में सफल घोषित किए गए अभ्यर्थियों में से किसी ने भी व्यावहारिक दक्षता जांच में हिस्सा ही नहीं लिया। दरअसल, विज्ञापन संख्या 02/2025 के तहत 26 नवंबर 2025 को निकाली गयी इस भर्ती में निजी सहायक के 7 पद, निम्न वर्गीय लिपिक के 10 पद और डाटा इंट्री ऑपरेटर के 33 पद शामिल थे।

विज्ञापन : यशोदा देवी पारामाउंट पब्लिक स्कूल, हवेली खड़गपुर

जानकारी के अनुसार, चयन प्रक्रिया में स्वच्छता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए अंतिम परीक्षाफल में सफल घोषित अभ्यर्थियों की व्यावहारिक दक्षता जांच करायी गयी। यह जांच विषय-विशेषज्ञों के तीन सदस्यीय पैनल ने सीसीटीवी की निगरानी और दंडाधिकारी की मौजूदगी में आयोजित की। अभ्यर्थियों को पहले ही बता दिया गया था कि जांच में शामिल होना अनिवार्य है और जो शामिल नहीं होंगे, उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा। निजी सहायक पद के लिए सातों सफल अभ्यर्थियों की हिंदी आशुलिपि यानी शॉर्टहैंड की जांच 4 नवंबर 2026 को नवविस्तारित भवन में और फिर 18 नवंबर 2026 को मुख्य भवन में रखी गयी थी, लेकिन कोई भी उपस्थित नहीं हुआ। इन अभ्यर्थियों में स्पृहा सिंह, अमन कुमार, नमन राज, अंजली कुमारी, आनंद, सुमित राज, गुड़िया कुमारी और सिमरन भारती के नाम शामिल हैं। इन सभी को अयोग्य घोषित करते हुए 7 सितंबर 2026 को जारी परिणाम की अधिसूचना निरसित कर दी गयी और सातों पदों की नियुक्ति प्रक्रिया रद्द कर दी गयी।

इसी तरह निम्न वर्गीय लिपिक पद के लिए 18 नवंबर 2026 को सुबह साढ़े नौ से साढ़े दस बजे तक हिंदी और अंग्रेजी टंकण की जांच रखी गयी थी। इसमें सफल घोषित दस के दस अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इनमें मृत्युंजय कुमार, जया कुमारी, प्रियांशु कुमार, चंदा पोद्दार, निखिल कुमार, निशा कुमारी, आनंद कुमार, सुजीत पासवान, निशी कुमारी और पायल कुमारी शामिल हैं। इन्हें अयोग्य घोषित कर 22 सितंबर 2026 की अधिसूचना निरसित की गयी और दस पदों की नियुक्ति प्रक्रिया भी रद्द कर दी गयी। इतना ही नहीं, डाटा इंट्री ऑपरेटर के लिए सफल घोषित 33 अभ्यर्थियों की टंकण जांच 18 नवंबर 2026 को दो पालियों में हुई, लेकिन इसमें भी कोई नहीं पहुंचा। यह सूचना आज गुरुवार (19 नवंबर) को परिषद के कार्यकारी सभापति के आदेश एवं उप सचिव नवीन कुमार मिश्र के हस्ताक्षर से जारी की गयी है। संबंधित अभ्यर्थियों को आवेदन में दर्ज मोबाइल नंबर और ई-मेल पर भी सूचना भेजी गयी है। बता दें कि हाल ही में अवधेश नारायण सिंह राजनीतिक समीकरण के तहत सभापति के पद से हटे हैं और उनकी जगह उपसभापति रामवचन राय को कार्यकारी सभापति का दायित्व सौंपा गया है। बहरहाल, इस बहाली को लेकर कई माह से चर्चा तेज थी। हालांकि बहाली तो और भी हैं और उन पर भी सियासी गलियारे में चर्चा तेज है।

इसे भी पढ़िए बिहार विधान परिषद की नियुक्तियों पर बड़ा सवाल, ‘एप्स्टीन फाइल’ और ‘चारा घोटाला’ से बढ़ सकता है आगे…