Mukhiyajee Reporter | Patna
नवादा जिला के अकबरपुर थाना में बिना किसी सूचना, बिना किसी वजह से बक्सर के राजद सांसद सुधाकर सिंह को घंटों बैठाया गया है। जब उन्होंने पूछा कि यहां बैठाने का कारण क्या है, मुझे लिखित में दिया जाए तो यहां के पुलिस का कहना है कि ऊपर से आदेश आया है और हम उसका पालन कर रहे हैं। यह कहना है सांसद सुधाकर सिंह का। उन्होंने कहा कि किसी सांसद को बिना कारण थाना में बैठाना गैरकानूनी है।

दरअसल, बताया जा रहा है कि थानेदार उनसे एक बांड भरने को कह रहे हैं, जिसे सांसद सुधाकर सिंह ने इनकार कर दिया है। खबर है कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव थोड़ी देर में थाने पर पहुँचने वाले हैं। सांसद को थाने पर बैठाये जाने को लेकर उनके समर्थक काफी संख्या में पहुँच गए हैं। समर्थकों में काफी संख्या में महिलाएं भी हैं। बहरहाल, सांसद सुधाकर सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर यह भी कहा है कि नवादा में किसानों की जायज मांगों को लेकर पूर्व निर्धारित धरने के दौरान मुझे पुलिस द्वारा डिटेन किया जाना लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला है। अभी लोकसभा के सत्र का सत्रावसान राष्ट्रपति महोदया द्वारा नहीं किया गया है। ऐसे में किसी सांसद को गिरफ्तार नहीं किया जा सकता है।

उन्होंने आगे कहा है कि लोकसभा की नियमावली के नियम 229 के तहत सांसद की गिरफ्तारी या हिरासत की सूचना तत्काल लोकसभा अध्यक्ष को देना अनिवार्य है। क्या नवादा के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक स्पष्ट करें कि इस नियम का पालन किया गया? प्रशासन यह न भूले कि वह कानून से ऊपर नहीं है। किसानों की आवाज उठाना अपराध नहीं है। इस कार्रवाई और संसदीय नियमों के अनुपालन में हुई किसी भी चूक की जवाबदेही तय होनी चाहिए। किसानों के हक की लड़ाई जारी रहेगी, प्रशासनिक दबाव से न डरेंगे, न झुकेंगे… (इनपुट वरीय पत्रकार कमलाकांत पांडेय)






