मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पत्नी ममता चौधरी के जनसंपर्क में उमड़ा जनसैलाब, ढोल-नगाड़े और मांदर की थाप पर गूंजा रामबिहारीपुर

Mukhiyajee Reporter | Munger

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पत्नी ममता चौधरी ने तीन दिवसीय जनसंपर्क अभियान के तहत तारापुर विधानसभा क्षेत्र के हवेली खड़गपुर प्रखंड का क्षेत्र भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने कई गांवों का दौरा किया। उनका रमनकाबाद पश्चिम पंचायत के बड़की हथिया चौक, मुरादे, खाजेचक महादलित टोला, भवीकुड़ा, जटातरी, बघेल, सोभनडीह, रामबिहारीपुर, मोहनपुर और भलुआ कोल सहित अनेक स्थानों पर लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। अभियान का खास आयोजन रामबिहारीपुर में भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष मुकेश कुमार यादव के आवास पर हुआ। बता दें कि मुकेश यादव मुरादे पंचायत के मुखिया प्रत्याशी भी हैं। वर्तमान में वे वार्ड आयुक्त हैं।

रामबिहारीपुर स्थित कार्यक्रम स्थल को भाजपा के झंडों और बैनरों से सजाया गया था। ममता चौधरी के पहुंचते ही महिलाओं ने फूलों की वर्षा कर उन्हें माला पहनायी, चंदन का तिलक लगाया और आरती उतारकर स्वागत किया। उनका ढोल-नगाड़ों और आदिवासी क्षेत्र में लोकप्रिय मांदर की थाप पर उनका भव्य अभिनंदन हुआ। मुकेश कुमार यादव ने उन्हें बुके और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
जनसंपर्क के दौरान ममता चौधरी ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने सड़क, आवागमन, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उनके सामने रखीं और कई योजनाओं की मांग भी की। उन्होंने सभी बातों को गंभीरता से सुनते हुए समाधान के लिए सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। इतना ही नहीं, उन्होंने स्थानीय महिलाओं के साथ पारिवारिक अंदाज में बातें की और फोटो भी खिंचवाया।

रामबिहारीपुर के अलावा उनका जनसंपर्क कार्यक्रम मोहनपुर, रमनकाबाद सहित अन्य क्षेत्रों में भी जारी रहा। उनके आगमन को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा व्यवस्था में हवेली खड़गपुर के एसडीपीओ अभय कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सहित थाना पुलिस के जवान तैनात रहे। काफिले के साथ बीडीओ संजय कुमार, सीओ जयप्रकाश और काफी संख्या में एनडीए के समर्थक भी मौजूद रहे। खासबात कि ममता चौधरी मुरादे पंचायत की मुखिया सरस्वती देवी के घर पर भी गयीं, जबकि मुकेश यादव उसी पंचायत के मुखिया प्रत्याशी हैं और इस बार के पंचायत चुनाव में वे मुखिया पद के प्रबल दावेदार हैं।