Mukhiyajee Reporter | Munger
केंद्र एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर भारतीय जनता पार्टी तारापुर विधानसभा के हवेली खड़गपुर नगर मंडल के कार्यकर्ताओं ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत स्वच्छता अभियान चलाया। नगर अध्यक्ष शिवशंकर चौधरी के नेतृत्व में पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने सिंहपुर स्थित नाथ बाबा स्थान से लेकर राधे श्याम मंदिर तक सफाई की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह फलदार पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण के साथ जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

नगर अध्यक्ष शिवशंकर चौधरी ने कहा कि 17 सितंबर 2026 से नगर क्षेत्र में लगातार कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें स्कूलों में बच्चों के लिए चित्रकला, निबंध एवं अन्य प्रतियोगिताएं शामिल हैं। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों पर सेविकाओं के साथ मिलकर तीन दिवसीय कार्यक्रमों में भागीदारी की गयी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य समाज सेवा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत हवेली खड़गपुर प्रखंड में 8 अक्टूबर तक तीन दिवसीय ‘सेवा सेतु शिविर, सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम आयोजित होगा।

प्रखंड मुख्यालय में लगने वाले इस शिविर में सभी विभागों से जुड़ी समस्याओं के आवेदन लिए जाएंगे और उनके समाधान की व्यवस्था भी की जाएगी। भाजपा कार्यकर्ता लोगों को इस शिविर के प्रति जागरूक करेंगे। बैठक और पौधा रोपण कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष के अलावा संजीव चंद्र साहा, माधव ठाकुर, अजीत साह, श्रवण कुमार, शशि भूषण राय, अविनाश, गौतम, राजेश, कुबेर, संजय, जितेंद्र, ओमप्रकाश, सुभाष सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।







