Fulwari Sharif । Ajeet Kumar
प्रखंड के कुरथौल पंचायत क्षेत्र स्थित एतवारपुर में विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इसमें पटना सहित अन्य जिलों से आए महिला और पुरुष पहलवानों ने दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने प्रदर्शन से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। दंगल का आयोजन राम बचन राय की ओर से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी मौजूद रहे। महिला पहलवान वर्ग में पटना जिला की नूतन कुमारी ने शानदार कुश्ती लड़ते हुए प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया, जबकि पुरुष पहलवान वर्ग में पूर्णिया के मोहम्मद अबरार ने अपनी ताकत और तकनीक का बेहतरीन प्रदर्शन कर पहला स्थान हासिल किया।

दंगल का उद्घाटन स्थानीय विधायक एवं पूर्व मंत्री श्याम रजक ने किया। उन्होंने कहा कि ऐसे खेल आयोजनों से युवाओं में खेल और स्वास्थ्य के प्रति रुचि बढ़ती है तथा वे नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहते हैं। उन्होंने कहा कि कुश्ती जैसे पारंपरिक खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और शारीरिक मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने मंच से घोषणा करते हुए कहा कि यदि पंचायत की ओर से भूमि उपलब्ध करायी जाती है, तो कुरथौल पंचायत में कुश्ती अखाड़ा की व्यवस्था की जाएगी।
विधायक श्याम रजक ने लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि खेल के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा, ताकि युवा नियमित अभ्यास कर सकें और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं। कार्यक्रम में पंचायत की मुखिया गीता देवी सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इधर, पहलवानों के जोश और संघर्ष ने पूरे दंगल को जीवंत बनाए रखा।






