सरस्वती शिशु विद्या मंदिर को अजीत सिंह ने दिया 50 हजार का सहयोग, कहा- शिक्षा ही समाज की असली सेवा

Mukhiyajee । Haveli Kharagpur
वसंत पंचमी के अवसर पर आज शुक्रवार को अनुमंडल मुख्यालय के झील पथ स्थित सुभाष चंद्र कादंबरी साहा सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में सरस्वती पूजा मनायी गयी। स्टूडेंट्स सहित शिक्षकों एवं विद्यालय कार्यकारिणी समिति के लोगों ने मां सरस्वती की पूजा कर उनका आशीर्वाद लिया। विद्यालय कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने समाजसेवा के भाव से विद्यालय के विकास हेतु 50,000 रुपये का चेक दान स्वरूप दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और संस्कार से जुड़े संस्थानों को सहयोग देना ही सच्ची समाजसेवा है।

बाद में मुखियाजी डॉट कॉम से बात करते हुए अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों को मजबूत करना ही मेरा उद्देश्य है। यहीं से संस्कारित और जागरूक समाज की नींव पड़ती है। उन्होंने यह भी कहा कि सरस्वती पूजा ज्ञान, अनुशासन और संस्कृति के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में भारतीय संस्कृति, अनुशासन और ज्ञान के प्रति सम्मान विकसित होता है। समाज में सक्षम लोगों का यह दायित्व है कि वे शिक्षा और संस्कार से जुड़े संस्थानों को निरंतर सहयोग दें, ताकि आने वाली पीढ़ी सही दिशा में आगे बढ़ सके। उन्होंने यह भी कहा कि समाज की असली सेवा शिक्षा है। गांव-कस्बों के बच्चों को संस्कारयुक्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा जब तक नहीं मिलेगी, तब तक सशक्त समाज की कल्पना अधूरी रहेगी। फिर सरस्वती पूजा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि ज्ञान, अनुशासन और संस्कार के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विद्या की देवी मां सरस्वती का पूजन श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। वंदना सभा में विद्यालय के समस्त भैया-बहनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। पूजन उपरांत पुष्पांजलि अर्पण की गयी तथा महाआरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से ओत-प्रोत रहा। वहीं, कार्यक्रम में विद्यालय की कार्यकारिणी समिति के सचिव राकेश चंद्र साहा, प्रधानाचार्य अजय कुमार, पत्रकार दुर्गेश कुमार, समाजसेवी राकेश चंद्र, अमित कुमार, सत्यम कुमार, अंकित कुमार, डॉ. अशोक कुमार सहित अन्य मौजूद रहे। विद्यालय परिवार एवं समिति की ओर से अध्यक्ष द्वारा दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।

सरस्वती शिशु विद्या मंदिर को अजीत सिंह ने दिया 50 हजार का सहयोग, कहा- शिक्षा ही समाज की असली सेवा