Mukhiyajee Reporter । Patna : तारापुर के पूर्व प्रत्याशी व भाजपा नेता सकलदेव बिंद ने सत्ता में भागीदारी के लिए समाज के लोगों से एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उन्होंने कहा कि समाज को विश्वास दिलाता हूँ कि मैं सदैव उसकी आवाज बनूँगा। समाज के लोगों के हक और अधिकारों के लिए हर वक्त मैं मजबूती से खड़ा रहूँगा। उन्होंने यह भी कहा कि आप लोगों का भरोसा और विश्वास मुझे हर क्षण समाजसेवा के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। वे पटना में बिंद-बेलदार दिवस समारोह में आए लोगों को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन किदवईपुरी स्थित ठाकुर प्रसाद कम्युनिटी हॉल में किया गया था। इसमें बिंद, बेलदार, केवट, निषाद जातियों को अनुसूचित जाति में शामिल करने की मांग उठी।

सत्ता में भागीदारी भी नगण्य : बिंद, बेलदार, निषाद, अति /पिछड़ा वर्ग संयुक्त मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन बिंद-बेलदार विकास एवं सामाजिक सेवा संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष गणेश कुमार बिंद, मुख्य अतिथि कैमूर के विधायक भरत बिंद तथा विशिष्ट अतिथि सकलदेव बिंद ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर गणेश बिंद ने कहा कि बिहार में बिंद जाति की आबादी 65-70 लाख (5-6%) एवं बेलदार जाति की आबादी 30 लाख(3%) से अधिक है। लेकिन, आजादी के 78 वर्षों के बाद भी यह जाति सबसे अधिक पिछड़ी हुई है और सत्ता में भागीदारी भी नगण्य है।
अनुसूचित जाति में किया जाए शामिल : उन्होंने यह भी कहा कि बिंद, बेलदार, केवट, नोनिया, मल्लाह आदि मछुआ समुदाय की जातियों को अनुसूचित जाति में शामिल कर इन जातियों को भी आरक्षण दिया जाए। उन्होंने आगे कहा कि बिंद समाज से आने वाले विधायक भरत बिंद को बिहार सरकार में मंत्री बनाया जाए। सभा को संबोधित करते हुए भरत बिंद ने समाज के लोगों को अपने बच्चे-बच्चियों को पढ़ाने तथा एकजुट रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाल्मीकि कुमार बिंद ने की। उन्होंने कहा कि वोट हमारा, अधिकार तुम्हारा अब नहीं चलेगा। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अभ्यानंद ने लोगों को शराब आदि नशा का सेवन नहीं करने तथा बच्चों की शिक्षित बनाने का सुझाव दिया। इतना ही नहीं, युवाओं एवं बेरोजगार लोगों के तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा, नौकरी एवं रोजगार पर मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए युवा शक्ति सेना का गठन किया गया। इस नयी पार्टी के माध्यम से लोगों के हक-अधिकार की लड़ाई लड़ी जाएगी। कार्यक्रम को शिवरतन बिंद, भगवान महतो बिंद, उमाशंकर आर्य, बृंदा बिंद, नन्हक महतो, डॉ राजकिशोर सिंह, रामजनम महतो, प्रह्लाद बिंद, शिवशंकर महतो बिंद, कैलाश सिंह बिंद, मीना देवी, मंजू सिन्हा केवट, ललिता देवी, कौशल बिंद सहित अन्य छोटे और बड़े नेता भी उपस्थित रहे।

लखीसराय में तुलसी का पौधा देकर किया सम्मानित : बता दें कि आज ही पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी का जन्मदिन है। साथ ही आज ही तुलसी पूजन दिवस भी है। इस मौके पर लखीसराय में हिंदू स्वाभिमान संगठन की ओर से भाजपा के वरीय नेता सकलदेव बिंद को तुलसी का पौधा देकर उन्हें सम्मानित किया। संगठन की ओर से जिला प्रमुख नंदन सिंह, जिला सह प्रमुख मनीष सहित कन्हैया, सत्यम, मनीष, विकास तिवारी आदि शामिल रहे। भाजपा नेता ने इस स्नेह, सम्मान और विश्वास के लिए सभी को हृदय से धन्यवाद दिया तथा आभार जताया। वहीं बिंद-बेलदार समारोह में भी शामिल होने के लिए पटना आने के क्रम में बेगूसराय के योगेंद्र जी, मिलन साहनी, उदेश साहनी, जितेंद्र साहनी, कांति साहनी, कुलदीप कुमार साहनी के अलावा खगड़िया के प्रमोद साहनी ने उनसे मुलाकात की। सकलदेव बिंद ने मुखियाजी डॉट कॉम को बताया कि दोनों जिलों के लोगों से बिंद समाज के उत्थान और विकास को लेकर सार्थक व सकारात्मक चर्चा हुई।





