Mukhiyajee Reporter | Ajeet (Patna)
भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा लगातार जारी किए जा रहे अलर्ट के बीच शुक्रवार की सुबह राजधानी पटना समेत फुलवारी शरीफ, दानापुर, खगौल, पटना सिटी और संपतचक में मौसम ने अचानक ऐसा करवट बदला कि दिन में ही रात जैसा नजारा दिखाई देने लगा। मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी जारी की थी कि अगले कुछ घंटों में पटना सहित कई जिलों में तेज हवा, मेघ गर्जन और बारिश हो सकती है और सुबह होते-होते यह पूर्वानुमान बिल्कुल सही साबित हुआ। सुबह करीब 7:30 बजे से ही आसमान में काले बादल घिरने लगे और तेज रफ्तार से ठंडी हवाएं चलनी शुरू हो यीं। देखते ही देखते पूरा वातावरण अंधकार में डूब गया। सुबह 8:00 बजे ऐसा लग रहा था मानो रात हो गयी हो।
सड़क पर चल रहे वाहनों को हेडलाइट जलानी पड़ी। तेज हवाओं के कारण घरों की खिड़कियां और दरवाजे हिलने लगे। कुछ ही देर बाद झमाझम बारिश शुरू हो गयी और पूरे इलाके में ठंडक फैल गयी। बारिश और तेज ठंडी हवाओं के कारण कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत मिली है। अचानक बदले मौसम से लोगों ने सुकून महसूस किया। सुबह-सुबह लोग अपने घरों की छतों और बालकनियों से मौसम का आनंद लेते दिखाई दिए। बारिश के दौरान पूरा वातावरण ठंडा और सुहावना हो गया। हालांकि, ग्रामीण इलाकों में वज्रपात की भी चर्चा है। प्रशासनिक जानकारी के अनुसार अभी तक किसी प्रकार की सूचना नहीं है।

दरअसल, भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम विज्ञान केंद्र, अनिसाबाद, पटना द्वारा जारी तात्कालिक मौसम चेतावनी में पटना समेत कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था। विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों तक तेज हवा, वज्रपात और बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने लोगों से खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। किसानों को भी खेतों में नहीं जाने और मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गयी है। मौसम विभाग के अनुसार पटना सहित कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने कहा है कि खराब मौसम को देखते हुए लोग सतर्क रहें और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचें।







