PATNA (MR) : बिहार विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय में अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस पर शुक्रवार 21 फरवरी को विश्वरंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 2025 के पोस्टर का लोकार्पण हुआ। वैशाली के डॉ सीवी रमन विश्वविद्यालय की ओर से प्रायोजित ओलंपियाड के पोस्टर का लोकार्पण विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने किया।

अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने कहा कि डॉ सीवी रमन विश्वविद्यालय के लिए यह गर्व का विषय है कि वे ‘विश्वरंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 2025’ का आयोजन कर रहे हैं। यह ओलंपियाड विश्व स्तर पर हिंदी भाषा को बढ़ावा देने और युवाओं को हिंदी भाषा के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए आयोजित किया जा रहा है। इस प्रकार के आयोजन से हिंदी भाषा के प्रचार–प्रसार को नयी गति मिलेगी। यह विश्वविद्यालय आईसेक्ट समूह के विश्वविद्यालयों का एक हिस्सा है जो कि भाषा, साहित्य, कला और संस्कृति के विकास के लिए समर्पित है। आइसेक्ट समूह द्वारा संचालित एवं डॉ सीवी रमन विश्वविद्यालय द्वारा समर्थित ‘विश्वरंग’ एक ऐसा वैश्विक मंच है, जो भारतीय साहित्य, संस्कृति, कला, संगीत और सिनेमा का उत्सव मनाता है।

उन्होंने कहा कि 2019 से संचालित यह महोत्सव दुनिया भर में भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने और प्रसार करने के लिए एशिया का सबसे बड़ा महोत्सव बन चुका है। इसका छठा संस्करण मॉरीशस में 7-9 अगस्त 2024 को सफलतापूर्वक आयोजित किया गया था, जिसमें भारत समेत 20 से अधिक देशों के रचनाकार, कलाकार और शिक्षाविदों ने भाग लिया था। पोस्टर लोकार्पण के इस खास मौके पर डॉ सीवी रमन विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ ब्रिजेश सिंह, डीन छात्र कल्याण अमरीश कुमार सिंह, उपडीन अकादमिक प्रो. शांतनु, कृषि विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो० शालिनी सिंह, कृषि विभाग की डॉक्टर सुमन कुमारी सहित विश्वविद्यालय के अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
