Mann Ki Baat 2.0 Part- 21 : बेतिया के प्रमोद ने आत्मनिर्भर बिहार में पेश की मिसाल, देश के मुखिया नरेंद्र मोदी ने प्रशंसा कर बढ़ाया मान

PATNA (MR) : देश के मुखिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर बिहार को गौरवान्वित किया। मन की बात में बिहार को जगह दी। बिहार के बेतिया की उपलब्धि का जिक्र किया। उन्होंने रविवार को रेडियो पर प्रसारित होने वाले मन की बात कार्यक्रम के दूसरे चरण की 21वीं कड़ी में ​बेतिया के प्रमोद बैठा की काफी प्रशंसा की। प्रमोद ने कोरोना काल में एलइडी फैक्ट्री डाल कर पूरे देश में आत्मनिर्भर बिहार का संदेश दिया।

दरअसल, हाथ में हुनर और कुछ कर दिखाने का जज्बा हो तो कुछ भी नामुमकिन नहीं है। इसे प्रमाणित कर दिखाया है बेतिया के मंझौलिया प्रखंड निवासी प्रमोद बैठा ने। प्रमोद रतनमाला पंचायत के रहने वाले हैं। प्रमोद व उनकी पत्नी दिल्ली में एलइडी फैक्ट्री में काम करते थे। लेकिन कोरोना संकट के दौरान फैक्ट्री के बंद होने से दोनों बेरोजगार हो गए। इसके बाद वे परिवार के साथ बेतिया स्थित अपने पैतृक घर लौट आए।

बेतिया के प्रमोद कुमार।

प्रमोद व उनकी पत्नी ने गांव में भी एलइडी बल्ब की फैक्ट्री लगा ली। अपने हुनर का खुलकर इस्तेमाल किया। इसी बीच, सरकार की ‘हर घर बिजली’ योजना का उन्हें फायदा मिला। इस योजना में उन्होंने रोजगार के नए अवसर तलाशे। उनके उत्पादन को लोगों ने पसंद किया। फिलहाल प्रतिदिन प्रमोद 1000 बल्ब का उत्पादन कर रहे हैं। अब तो उनकी फैक्ट्री से दर्जनों युवक जुट गए हैं।

प्रमोद कुमार की पत्नी संजू देवी।

प्रमोद के अनुसार, उन्हें एक एलइडी बल्ब के बनाने पर 12 रुपए की लागत आती है, जबकि मार्केट में वह बल्ब 14 से 15 रुपये में बिकता है। प्रति बल्ब पर प्रमोद को 2 से 3 रुपये का लाभ होता है। हालांकि, उन्हें भी सरकारी मदद की आस है ताकि उनका कारोबार और तेजी से बढ़े। इस बाबत प्रमोद का कहना है कि सरकार परिवर्तन योजना के तहत नए-नए उद्योग लगाने पर जोर दे रही है। हमें पूर्ण विश्वास है कि जिला पदाधिकारी हमारे कारोबार का संज्ञान लेंगे और हमें भी सरकारी मदद देंगे। ऐसे में पीएम नरेंद्र मोदी की प्रशंसा से उन्हें अब सरकारी मदद की आस जगी है।

प्रमोद कुमार के साथ उनकी पत्नी संजू देवी।

गौरतलब है कि इसके पहले 31 जनवरी को पीएम नरेंद्र मोदी ने मन की बात की 20वीं कड़ी में बिहार के दो युवाओं का जिक्र किया था। उसमें सिवान की प्रियंका पांडे और मुंगेर स्थित तारापुर के विप्लव कुमार का जिक्र किया और उनकी ओर से नमो एप पर महत्वपूर्ण जानकारी देने के लिए प्रशंसा भी की। बाद में दोनों युवाओं को बिहार के राज्यपाल फागू चौहान ने मोमेंटो व शॉल देकर सम्मानित किया था। एक बार फिर पीएम नरेंद्र मोदी ने बिहार के उद्यमी प्रमोद कुमार की प्रशंसा की और कहा कि इससे आत्मनिर्भर बिहार और आत्मनिर्भर भारत को बल मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *