दिल्ली/पटना। पूरे देश में लॉकडाउन की अवधि बढ़ गयी है। इसे दो हफ्ते के लिए आगे बढ़ा दिया गया है। अब देश में 17 मई तक लॉकडाउन लागू हो गया है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए शुक्रवार को गृह मंत्रालय ने गाइडलाइन जारी कर दी है। लॉकडाउन 2 की अवधि तीन मई को खत्म होगी। इसके बाद से लॉकडाउन 3 शुरू हो जाएगी।

इसमें देश के सभी मेट्रो शहरों को रेड जोन माना गया है, जिसमें दिल्ली, मुंबई, चैन्नई, कोलकाता, हैदराबाद, बेंगलुरू और अहमदाबाद शामिल हैं। पूरे देश में 130 जिलों को रेड जोन में रखा गया है। दिल्ली के जहां सभी जिले रेड जोन में शामिल हैं, वहीं बिहार के पांच जिलों को रेड जोन में रखा गया है।

लॉकडाउन के तीसरे चरण में रेड जोन में रेल, सड़क व प्लेन फिलहाल शुरू नहीं होंगे। होटल, मॉल, सिनेमा हॉल, जिम, स्‍पोर्ट्स कॉम्‍प्‍लेक्‍स नहीं खुलेंगे। इसके अलावा कोचिंग व इंस्टीट्यूट के अलावा वैसे संस्थान जहां बड़ी संख्‍या में लोग जुटते हैं, वे भी नहीं खुलेंगे। लोगों के बेवजह घूमने पर प्रतिबंध रहेगा।

पहले बिहार की बात: बिहार के पटना सहित पांच जिले रेड जोन में हैं। वहीं 20 जिले ऑरेेंज तो 13 जिले ग्रीन जोन में हैं। रेड जोन में मुंगेर, पटना, रोहतास, बक्‍सर व गया, जबकि ऑरेंज जोन में नालंदा, कैमूर, सिवान, गोपालगंज, भागलपुर, बेगूसराय, औरंगाबाद, मधुबनी, पूर्वी चंपारण, अरवल, सारण, नवादा, लखीसराय, बांका, वैशाली, दरभंगा, जहानाबाद, बांका, मधेपुरा व पूर्णिया को रखा गया है। बाकी जिले ग्रीन जोन में हैं।

अब दिल्ली की बात: दिल्ली के सभी 11 जिलों के अलावा फरीदाबाद को रेड जोन में रखा गया है। वहीं गुरुग्राम को ऑरेंज जोन बनाया गया है। इसी तरह, उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर, लखनऊ, कानपुर, आगरा, सहारनपुर, मेरठ, रायबरेली, अलीगढ़ रेड जोन हैं, जबकि गाजियाबाद, हापुड़, बागपत, शामली, प्रयागराज को ऑरेंज जोन में रखा गया है।

कहां छूट, कहां कड़ाई: ग्रीन जोन में सभी बड़ी आर्थिक गतिविधियों की छूट दी गई है। ग्रीन जोन में बसें भी चल सकेंगी, लेकिन उनकी क्षमता 50 परसेंट से ज्यादा नहीं होगी। मतलब बस में 50 सीटें हैं तो उस पर 25 सवारी ही बैठेंगे। वहीं बस डिपो में भी 50 परसेंट से अधिक स्टाफ नहीं रहेंगे। इतना ही नहीं, ग्रीन जोन के जिलों में सैलून सहित आवश्‍यक सेवाओं की दुकानें भी खुल सकेंगी। लेकिन ग्रीन जोन में भी मॉल, सिनेमा हॉल, होटल, जिम, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स आदि बंद रहेंगे। उधर, ऑरेंज जोन में एक पैसेंजर व ड्राइवर के साथ कैब संचालन की अनुमति रहेगी। वहीं, ऑरेंज जोन में औद्योगिक कार्य शुरू होंगे। लेकिन यहां भी सैलून बंद ही रहेंगे। लेकिन रेड जोन में सारी चीजें प्रतिबंधित हैं।
इस बाबत केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव प्रीति सूदान ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि बफर जोन में मामलों की बड़े स्तर पर निगरानी की जाए। पत्र में राज्यों को यह भी कहा गया है कि पहचाने गए रेड और ऑरेंज जोन जिलों में कंटेंमेंट जोन और बफर जोन को अंकित किया जाए और उसके बारे में सूचित किया जाए।

Previous articleबिहार में धान खरीद की डेट हुई खत्‍म, जुलाई तक किसानों से गेहूं खरीदेगी सरकार
Next articleATM में पैसा ट्रांसफर के दौरान गलत अकाउंट में चला जाय तो करें ये काम, देखें वीडियो…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here