Bihar JDU के मुखिया बने उमेश कुशवाहा, लव-कुश समीकरण पर लगी मुहर

PATNA (MR) : आज सियासत का सुपर संडे है। पटना से लेकर राजगीर तक सियासत ही सियासत की धूम रही। पटना में JDU राज्य कार्यकारिणी की बैठक हुई तो राजगीर में BJP के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। इसमें पार्टी के पंचायत चुनाव में दम-खम के साथ उतरने पर फैसला हुआ। दूसरी ओर, RJD ने आज पटना में महागठबंधन की बैठक कर मानव श्रृंखला बनाने का निर्णय लिया। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा, विधानसभा का यदि छोटा सत्र हुआ तो उसका बहिष्कार किया जाएगा। लेकिन सबसे बड़ी खबर जदयू खेमे से आई। बिहार जदयू के नए प्रदेश उमेश कुशवाहा बने।

महनार के हैं पूर्व विधायक

जदयू मुख्यालय में दो दिवसीय बैठक में रविवार को पार्टी के नये प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर मुहर लग गयी। महनार के पूर्व विधायक उमेश कुशवाहा प्रदेश जदयू के मुखिया बन गए। उमेश कुशवाहा इस बार विधानसभा चुनाव में हार गए थे। बता दें कि उमेश कुशवाहा साल 2015 के विधानसभा चुनाव में महनार से जीते थे। तब उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी अच्युतानंद को हराया था।

नीतीश कुमार ने फिर चौंकाया

रविवार को कर्पूरी सभागार में हुई बैठक की अध्यक्षता सीएम नीतीश कुमार ने की। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष RCP Singh, सांसद ललन सिंह समेत सभी पदाधिकारी और कार्यकारिणी के शामिल रहे। इसमें संगठन विस्तार पर चर्चा हुई। आगामी कार्यक्रमों पर भी विस्तार से बात हुई। इसी में वशिष्ठ नारायण की तबियत पर चर्चा हुई। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व उमेश कुशवाहा को दिया गया। हालांकि, इस पद के लिए पहले पूर्व मंत्री नीरज कुमार, फिर हथुआ के पूर्व विधायक रामसेवक कुशवाहा का नाम आया। लेकिन सीएम नीतीश कुमार ने अपने फैसले से एक बार फिर सियासी गलियारे को चौंका दिया। उमेश कुशवाहा के प्रदेश अध्यक्ष बनने के साथ ही लवकुश समीकरण पर भी मुहर लग गयी। राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर आरसीपी सिंह हाल ही में काबिज हुए हैं। वे कुर्मी समाज से आते हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने दी बधाई
महनार के पूर्व विधायक उमेश सिंह कुशवाहा को जदयू के प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत होने पर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने बधाई एवं शुभकामना दी। उन्होंने कहा, पूर्व विधायक के प्रदेश अध्यक्ष बनने से भाजपा एवं जदयू की मित्रता पूर्व की तरह मजबूत एवं अटूट रहेगी। उनके मनोनयन से युवाओं में एक नया संदेश जायेगा और युवाओं का रूझान एनडीए की तरफ बढ़ेगा।   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *