Mukhiyajee Reporter | Patna
बिहार विधानसभा को आज शुक्रवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी विधानसभा सचिवालय को ई-मेल से दी गयी है। यह धमकी मिलते ही विधानसभा परिसर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गयी है। इसके बाद पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्च स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी गयी है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल संज्ञान लिया और सचिवालय के वरीय पदाधिकारियों के साथ आपात बैठक की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गयी और संभावित खतरे को देखते हुए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार के निर्देश पर प्रभारी सचिव ख्याति सिंह ने इस मामले की जानकारी राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को तत्काल दी है। उन्होंने विधानसभा परिसर की सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरे मामले की शीघ्र जांच कराने का आग्रह किया। बताया जाता है कि ई-मेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गयी हैं। पुलिस और सुरक्षा बलों की गतिविधियां भी बढ़ा दी गयी हैं, ताकि किसी भी तरह की आशंका को समय रहते दूर किया जा सके।

इस संबंध में विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि विस अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने मामले को गंभीरता से लिया है और संबंधित एजेंसियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बहरहाल, इस तरह के ई-मेल मिलने से अधिकारियों व कर्मचारियों में दहशत का माहौल हो गया हैं। वहीं बम और डॉग स्क्वायड ने विधानसभा परिसर की जांच शुरू कर दी है। बता दें कि इसी तरह की धमकियां पिछले दिनों बिहार के कई सिविल कोर्ट को भी मिली थी।






