Mukhiyajee Reporter | Patna (Ajeet)
फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के बभनपुरा गांव में विजया दशमी के दिन मंगलवार की सुबह करीब सात बजे 30 वर्षीय दीपक कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। आरोप है कि उसके चाचा ललन शर्मा ने घर से पिस्टल निकालकर दीपक पर ताबड़तोड़ पांच गोलियां चला दीं। गोली लगने से दीपक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। वारदात के बाद आरोपित ललन शर्मा पिस्टल लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। मृतक विक्रम के विधायक सिद्धार्थ शर्मा का पूर्व में वाहन चालक भी रह चुका है। मृतक की पहचान बभनपुरा निवासी विंध्याचल शर्मा के पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गयी। परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। मृतक की पत्नी कविता देवी घटनास्थल पर ही विलाप करती रही। आसपास के लोग भी मौके पर जुट गये।

आरोपित की पत्नी ने लगाया अवैध संबंध का आरोप : घटना की जानकारी मिलते ही फुलवारी शरीफ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नारायण उपाध्याय और थानाध्यक्ष गुलाम मोहम्मद शाहबाज आलम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। एफएसएल की टीम को बुलाकर मौके से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाये गये। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुबह करीब 9:50 बजे एम्स पटना भेज दिया। हत्या की वजह को लेकर पुलिस के सामने दो अलग-अलग पहलू सामने आये हैं। शुरुआती जानकारी में जमीन विवाद को लेकर चाचा-भतीजे के बीच विवाद की बात कही गयी थी। वहीं, अब आरोपित ललन शर्मा की पत्नी ने पुलिस को दिये बयान में अपने पति और मृतक की पत्नी कविता देवी के बीच कथित अवैध संबंध होने की बात कही है। आरोपित की पत्नी के अनुसार, उसके पति ललन शर्मा और दीपक की पत्नी कविता देवी के बीच संबंध था, जिसका दीपक लगातार विरोध करता था। इसी बात को लेकर दीपक और ललन शर्मा के बीच विवाद होने की बात बतायी गयी है।
पुलिस के अनुसार, इस बयान की भी जांच की जा रही है। पुलिस फिलहाल आरोपित की पत्नी के बयान को जांच का एक अहम बिंदु मानकर चल रही है, लेकिन कथित संबंध और हत्या के बीच सीधे संबंध की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। बताया जा रहा है कि मंगलवार की सुबह भी इसी मुद्दे को लेकर घर में कहा-सुनी और विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद ललन शर्मा अपने घर से पिस्टल लेकर आया और दीपक पर पांच गोलियां चला दीं। इसके बाद वह हथियार के साथ मौके से फरार हो गया।

सीसीटीवी फुटेज से खुल सकते हैं कई राज : पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, गोलीबारी और इस्तेमाल किये गये हथियार के संबंध में भी जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपित ललन शर्मा की पत्नी और बेटी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। दोनों को फुलवारी शरीफ थाना लाया गया, जहां उनसे घटना से पहले और बाद की परिस्थितियों के बारे में जानकारी ली जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात के बाद ललन शर्मा किस रास्ते से फरार हुआ और उसे किसने मदद की। पुलिस के अनुसार, आरोपित ललन शर्मा के पूर्व में फ्रॉड के मामले में जेल जाने की जानकारी सामने आयी है। वहीं मृतक दीपक कुमार भी पूर्व में हत्या के एक मामले में जेल जा चुका था। बताया जा रहा है कि वह करीब चार-पांच साल जेल में रहने के बाद बाहर आया था। पुलिस दोनों के पुराने आपराधिक मामलों और उनके बीच रहे विवादों की भी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल पुलिस के सामने हत्या की वजह के दो प्रमुख पहलू हैं। एक ओर जमीन विवाद की बात सामने आयी है, वहीं दूसरी ओर आरोपित की पत्नी के बयान से मृतक की पत्नी और आरोपित के बीच कथित संबंध का मामला सामने आया है। पुलिस दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।







