PATNA (MR) : Bihar Panchayat Chunav 2021 4th Phase Result : बिहार पंचायत चुनाव 2021 के चौथे चरण में भी मुखिया पदों में बदलाव की लहर देखा जा रहा है। इसी चरण में मुंगेर के असरगंज प्रखंड में भी चुनाव हुआ। मुंगेर जिले में अब तक के हुए चुनाव में तारापुर, टेटिया बंबर, संग्रामपुर की तरह असरगंज में भी व्यापक बदलाव हो गया। मुखिया के कुल सात पदों में से छह पर तख्ता पलट हो गया। केवल चोरगांव में ही पुराने मुखिया की कुर्सी बची है।

असरगंज में कुल सात पंचायतें हैं। इनमें अमैया, चोरगांव, सजुआ, रहमतपुर, असरगंज, मकवा तथा जोरारी शामिल हैं। इस प्रखंड में सभी छह पदों के लिए मुखिया व सरपंच की 7-7, जिला परिषद सदस्य की 1 तथा पंचायत समिति सदस्य की 10 सीटों के अलावा पंच और वार्ड सदस्य की लगभग 100 सीटें हैं। यहां की सभी सात पंचायतों के मुखिया पद व एक जिला परिषद के रिजल्ट जारी हो चुके हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, पदों की तुलना में मुखिया के लिए 68, सरपंच के लिए 45, जिप सदस्य के लिए 9 तथा पंचायत समिति सदस्य के लिए 70 उम्मीदवार चुनाव मैदान में किस्मत आजमा रहे थे। इसी तरह, पंच के लिए 200 तथा वार्ड सदस्य के लिए 486 प्रत्याशी मैदान में थे। निर्वाचन आयोग के अनुसार, अमैया, सजुआ, रहमतपुर, असरगंज, मकवा और जोरारी में मुखिया की सत्ता बदल गयी है। अमैया से हसिया देवी, सजुआ से धर्मेंद्र मांझी, रहमतपुर से स्वाति सिंह, असरगंज से राकेश मंडल, मकवा से मीना देवी और जोरारी से मो कासिम जीत गए। केवल चोरगांव से बॉबी देवी ने मुखिया की कुर्सी पर दोबारा काबिज हुई। बता दें कि कुछ ऐसा ही रिजल्ट टेटिया बंबर, तारापुर व संग्रामपुर में भी हुआ था।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, असरगंज से जिला परिषद की एक मात्र सीट पर अनिल सिंह ने कब्जा जमा लिया है। अनिल सिंह ने 108 वोटों से इस सीट पर जीत कर परचम लहराया। अनिल सिंह को 9112 वोट मिले। जबकि दूसरे स्थान पर विनोद सिंह रहे। विनोद सिंह को 9004 वोट आए हैं। 2016 में इस सीट से जिला परिषद सदस्य के रूप निर्वाचित अनिल वैद्य इस बार चौथे स्थान पर चले गए हैं।

असरगंज प्रखंड की पंचायतों पर एक नजर
- पंचायत – मुखिया (2016) – जीते (2021)
- अमैया – रेखा देवी – हसिया देवी
- चोरगांव – बॉबी देवी – बॉबी देवी
- सजुआ – संजय रजक – धर्मेंद्र मांझी
- रहमतपुर – पूनम देवी – स्वाति सिंह
- असरगंज – दिलीप रंजन – राकेश मंडल
- मकवा – ज्योति वैद्य – मीना देवी
- जोरारी – दिनेश ठाकुर – मो कासिम