बिहार सरकार की नयी पहल : महिला सुरक्षा और सुविधा के लिए मेट्रो स्टेशनों से जुड़ेंगी पिंक बसें, सम्राट चौधरी ये बोले

PATNA (RAJESH THAKUR) : महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए बिहार सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पिंक बस सेवा को अब पटना के मेट्रो स्टेशनों से जोड़ा जाएगा। बताते चलें कि इसी माह से पटना में मेट्रो सेवा शुरू हो रही है। बिहार सरकार की इस पहल की जानकारी देते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि पटना के सभी मेट्रो स्टेशनों को ‘पिंक बस सेवा’ से जोड़ा जाएगा। इससे मेट्रो से उतरने के बाद महिला यात्रियों को काफी लाभ मिलेगा।

सोशल मीडिया पर इस जानकारी को साझा करते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पटना के मेट्रो स्टेशनों से पिंक बसों को जोड़ने से महिला यात्रियों को तुरंत सुरक्षित और आरामदायक परिवहन सुविधा मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि पूरे बिहार में 80 पिंक बसें चलेंगी, जो केवल महिला यात्रियों के लिए आरक्षित होंगी। पटना में तो यह पिंक बस सेवा शुरू भी हो गयी है। ये बसें कई लोकेशन्स पर चल भी रही हैं। इतना ही नहीं, सभी बसों में सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा है। पिंक बसें CCTV कैमरा, महिला स्टाफ़्स सहित जीपीएस ट्रैकिंग की भी सुविधा से लैस हैं।

गौरतलब है कि महिला सशक्तिकरण के तहत पूरे राज्य में महिलाओं के लिए विशेष पिंक बस सेवा शुरू की जा रही है। इससे उन्हें कहीं भी आने-जाने में न केवल सुविधा होगी, बल्कि सुरक्षा की भी पूरी गारंटी रहेगी। यह योजना BSRTC (बिहार राज्य पथ परिवहन निगम) द्वारा संचालित की जा रही है। इसका संचालन पटना, गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर जैसे प्रमुख शहरों में किया जाएगा। पटना में तो लोकल स्तर पर पिंक बस सेवा शुरू भी कर दी गयी है।