Bihar Budget Session 2026 : मुंगेर के स्कूलों का मुद्दा, कुमार प्रणय के सवाल पर शिक्षा मंत्री का एक्शन

Nidhi Sekhar । Patna

बिहार विधानसभा के चालू सत्र में मुंगेर सदर प्रखंड के दो विद्यालयों की बदहाल स्थिति का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया गया। मुंगेर के विधायक कुमार प्रणय ने क्षेत्र के +2 गांधी उच्च विद्यालय, कुतलूपुर तथा मध्य विद्यालय जमीन डीगरी की समस्याओं को सदन के सामने रखते हुए सरकार से ठोस जवाब मांगा। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने दोनों प्रश्नों को स्वीकार करते हुए कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी और आवश्यक निर्माण कार्य शीघ्र कराने का आश्वासन दिया। विधायक कुमार प्रणय ने अपने तारांकित सवालों में सदन को बताया कि +2 गांधी उच्च विद्यालय, कुतलूपुर में 431 छात्र नामांकित हैं, लेकिन कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई मात्र दो कमरों में करायी जा रही है। विद्यालय परिसर में पर्याप्त जमीन होने के बावजूद न तो पर्याप्त वर्गकक्ष हैं और न ही चहारदीवारी। इससे छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

इस पर बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने स्वीकार किया कि भूमि विवाद के कारण चहारदीवारी का निर्माण लंबित था। वर्तमान में भूमि पैमाइश के आधार पर चहारदीवारी निर्माण का प्राक्कलन तैयार कराया जा रहा है। साथ ही छह नए वर्गकक्षों के निर्माण हेतु मुंगेर के जिला शिक्षा पदाधिकारी की ओर से BSEIDC लिमिटेड, पटना को निविदा प्रकाशन के लिए पत्र भेजा जा चुका है। मंत्री ने कहा कि राशि स्वीकृत होते ही प्राथमिकता के आधार पर छह माह के भीतर चहारदीवारी और वर्गकक्षों का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। इस बाबत विधायक कुमार प्रणय ने मुखियाजी डॉट कॉम को बताया कि स्कूल में क्लास रूम की कमी की वजह से बच्चों को काफी परेशानी हो रही है। हालांकि, शिक्षा मंत्री ने निर्धारित समय के अंदर संबंधित समस्याओं को दूर करने का आश्वासन दिया है।

विधायक ने दूसरा प्रश्न मध्य विद्यालय जमीन डीगरी की स्थिति को लेकर उठाया। 347 नामांकित छात्रों वाला यह विद्यालय भूमिहीन और भवनहीन है। फिलहाल निजी मकान के सामने लगाए गए फैब्रिकेटेड स्टील स्ट्रक्चर के नीचे यह विद्यालय संचालित हो रहा है। मंत्री ने बताया कि पूर्व में विद्यालय को राम सिंह टोला में शिफ्ट किया गया था, लेकिन गंगा नदी की भौगोलिक स्थिति के कारण तीन किलोमीटर की दूरी बच्चों के लिए कठिन साबित हुई। ग्रामीणों की पहल पर फिलहाल दो कमरों के अस्थायी ढांचे में पठन-पाठन जारी है। विद्यालय भवन निर्माण के लिए अनिल कुमार सिंह द्वारा भूमि दान के प्रस्ताव के आलोक में अनापत्ति प्रमाण-पत्र की प्रक्रिया जारी है। संबंधित भूमि साहेबपुर कमाल (बेगूसराय) अंचल में होने के कारण जिला पदाधिकारी, मुंगेर द्वारा जिला पदाधिकारी, बेगूसराय से अनापत्ति प्रमाण-पत्र मांगा गया है। प्रक्रिया पूर्ण होते ही भवन निर्माण की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा।