Rajesh Thakur l New Delhi / Patna : डायन कुप्रथा पर बनी फिल्म ‘बिसाही’ का काउंट डाउन शुरू हो गया है। बस चंद घंटों का ही इंतजार है। दुर्गापूजा के अवसर पर कल 25 सितंबर को ‘बिसाही’ फिल्म रिलीज होगी। यह फिल्म न केवल बिहार के तमाम जिलों में, बल्कि देश भर के सिनेमा घरों में एक साथ रिलीज होगी। बिहार के राजधानी पटना सहित मुजफ्फरपुर, मुंगेर, बेगूसराय, पूर्णिया, किशनगंज आदि प्रमुख जिलों के अलावा मध्य प्रदेश, झारखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान आदि राज्यों में भी कल से इस फिल्म को दिखाया जाएगा। इतना ही नहीं, देश की राजधानी दिल्ली के भी कई सिनेमा घरों में फिल्म बिसाही रिलीज होगी।


बता दें कि बिसाही फिल्म के डायरेक्टर अभिनव ठाकुर बिहार के बेगूसराय के रहने वाले हैं। इसके लिए वे पिछले एक माह से लगातार विभिन्न राज्यों का दौरा कर रहे थे। दो दिन पहले वे दिल्ली के सिने महकमे में प्रचार-प्रसार किये। उन्होंने मुखियाजी डॉट कॉम को बताया कि बिहार-झारखंड के अलावा अन्य राज्यों में फिल्म के ट्रेलर और गानों को बढ़िया रिस्पांस मिल रहा है। उन्होंने बताया कि तमाम सिनेमा हॉलों में रिलीजिंग पोस्टर लगाए जा चुके हैं। बस रिलीज होने का इंतजार है। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों गाना भी लांच किया। जय श्रीराम के बोल से बने इस गाने ने तो फिल्म के रिलीज होने से पहले ही धूम मचा दिया है।


उन्होंने यह भी बताया कि लोग इस गाने को काफी पसंद कर रहे हैं। बिहार की राजधानी पटना में ट्रेलर लांच करने के पहले झारखंड के रांची, धनबाद, जमशेदपुर जैसे शहरों में फिल्म के पोस्टर लांच किये गये थे। मध्य प्रदेश के इंदौर, भोपाल आदि शहरों में भी इसके पोस्टर से लेकर गाने तक पसंद किये जा रहे हैं। खासकर जय श्रीराम वाला गाना तो महिलाओं के साथ युवाओं को भी खूब पसंद आ रहा है। उसके बोल के साथ म्यूजिक भी काफी अच्छा बना है। इसमें कलाकारों ने बेहतरीन रोल किये हैं। हमें उम्मीद है कि फिल्म को भी लोग पसंद करेंगे। रिलीजिंग की सारी तैयारी हो गयी है।
दरअसल, बेगूसराय के बखरी जैसे छोटे से गांव से निकलकर मायानगरी मुंबई में कदम जमाने वाले अभिनव ठाकुर ने ‘बिसाही’ फिल्म के जरिए उन महिलाओं की व्यथा को पर्दे पर उतारा है, जिन्हें अंधविश्वास के नाम पर प्रताड़ित किया जाता है। उन्होंने बताया कि फिल्म बनाने के पहले इस पर गहन शोध किया गया और पाया कि यह कुप्रथा और अंधविश्वास केवल बिहार में ही नहीं है, बल्कि अन्य प्रदेशों झारखंड, ओडिशा, गुजरात, राजस्थान आदि में भी फैला हुआ है। इस फिल्म के लिए उन्होंने तीन वर्षों तक विभिन्न राज्यों का दौरा किया। कई गांवों में गए। खासकर बिहार और झारखंड की कई गलियों का खाक छाना। इस प्रथा को आदिवासियों और निचले तबकों में ज्यादा देखा जाता है और इसके पीछे अशिक्षा व अंधविश्वास बड़ा कारण है।
उन्होंने बताया कि फिल्म का अवधि 1 घंटा 45 मिनट है। इसमें रवि साहू मुख्य भूमिका में हैं। इसके पहले वे वेब सीरिज ‘ठुकरा के मेरा प्यार’ में अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीत चुके हैं। ‘बिसाही’ में उनका किरदार पूरी तरह इमोशनल है। रवि के अलावा राम सुजान सिंह, पूजा अग्रवाल, इंदु प्रसाद, चाहना पटेल, हार्दिक सोलंकी, पूजा रावल आदि ने भी अपने अभिनय से फिल्म को सशक्त बनाया है। इन कलाकारों ने डायन प्रथा जैसी संवेदनशील विषय वस्तु को पर्दे पर जीवंत करने के लिए कड़ी मेहनत की है। बिसाही की शूटिंग गुजरात, मुंबई और राजस्थान में हुई है।

