सर्राफा मार्केट में सोना लगातार धड़ाम पर धड़ाम होता जा रहा है, भारी गिरावट के पीछे ये हैं 5 बड़े कारण

Mukhiyajee Reporter | New Delhi

सोने-चांदी की चमक लगातार फीकी पड़ती जा रही है। 25 नवंबर को सोने का भाव 1,21,310 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी का भाव 1,43,522 रुपए प्रति किलो दर्ज किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना लगभग 3,500 डॉलर प्रति औंस के आसपास चल रहा है। हालांकि सोमवार को इसमें आंशिक इजाफा हुआ था, लेकिन बुधवार को फिर से इसमें गिरावट आ गयी है। चांदी भी इसी दबाव में है। 19 नवंबर को एमसीएक्स पर चांदी करीब 1.60 लाख रुपए प्रति किलो थी, जो अब 1.43 लाख रुपए के स्तर तक आ गयी है। जानकारों का कहना है कि आगे की दिशा अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों, डॉलर की चाल और फेड के रुख पर निर्भर करेगी। निवेश से जुड़ा कोई भी फैसला सोच-समझकर और वित्तीय सलाहकार की राय लेकर ही करना बेहतर होगा। साथ ही अलग-अलग राज्यों में स्थानीय कारणों से रेट में अंतर पड़ सकता है।

यहां हम सोना के बारे में जानते हैं कि इसके पीछे कौन-कौनसे बड़े 5 कारण हैं-
पहला कारण- अमेरिका में बनी हुई महंगाई : अक्टूबर में वहां उपभोक्ता कीमतें मासिक आधार पर 0.4 प्रतिशत बढ़ीं, जिससे यह आशंका गहराई कि फेडरल रिजर्व ब्याज दरें ऊंची रख सकता है या दिसंबर में इन्हें और बढ़ा सकता है। ब्याज दर बढ़ने की आशंका सोने के लिए नकारात्मक मानी जाती है, क्योंकि सोना कोई ब्याज नहीं देता। बाजार पहले से ही इस सख्ती का अनुमान लगाकर कीमतें बदल लेता है।
दूसरा कारण- अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़त: जब सरकारी बॉन्ड पर ज्यादा कमाई मिलने लगती है, तो निवेशक सोना रखकर ब्याज की कमाई गंवाने के बजाय बॉन्ड जैसे विकल्प चुनने लगते हैं। इसे सोना रखने की अवसर लागत कहा जाता है। सोना खुद कोई आय नहीं देता, इसलिए यील्ड बढ़ने पर बॉन्ड ज्यादा आकर्षक लगते हैं। इससे सोने की मांग कमजोर पड़ती है और कीमतों पर दबाव बढ़ता है।
तीसरा कारण- डॉलर की मजबूती: 12 नवंबर को डॉलर 19 महीने के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया था। सोने का अंतरराष्ट्रीय भाव डॉलर में तय होता है, इसलिए डॉलर चढ़ने पर दूसरी मुद्राओं वाले खरीदारों के लिए वही सोना महंगा पड़ता है। ऐसे में खरीदार या तो खरीद टाल देते हैं या कम कीमत का इंतजार करते हैं। ब्याज दर की आशंका और डॉलर की मजबूती मिलकर सोने पर दोहरा दबाव बनाती हैं।
चौथा कारण- कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और पश्चिम एशिया में समझौते की उम्मीदों का कमजोर पड़ना: 12 नवंबर को इसी चिंता के बीच सोना एक दिन में करीब तीन प्रतिशत टूट गया था। आमतौर पर तनाव बढ़ने पर सोना चढ़ता है, लेकिन तेल महंगा होने से महंगाई और सख्त ब्याज नीति की चिंता बढ़ गयी। इसी वजह से इस बार सुरक्षित निवेश की मांग का असर कमजोर रहा।
पांचवां कारण- निवेशकों और ट्रेडरों की भारी बिकवाली: अक्टूबर में सोना करीब 6.3 प्रतिशत गिर चुका था। वायदा बाजार में कई ट्रेडरों ने पोजीशन घटायी, जबकि कुछ ने नकदी की जरूरत में सबसे आसानी से बिकने वाली संपत्ति सोना बेच दिया और घरेलू बाजार में इसका सीधा असर दिखा।

Coming Soon… अ Digital Pletform