Radio Mukhiyajee | Patna
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ही गीत की गूँज है, ‘भूअर भूअर बाल रे होरिलवा के।’ साहित्य अकादमी युवा पुरस्कार से सम्मानित लेखक-कवि नीलोत्पल मृणाल के लिखे और गाए इस गीत पर देखते-देखते रीलों की बाढ़ आ गयी है। शुरुआत में लोग मूल वीडियो को ही साझा कर रहे थे, लेकिन अब इस पर तरह-तरह के मजेदार और भावुक वीडियो बनाए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर चर्चा है कि एक ही दिन में इस गीत पर रिकॉर्ड संख्या में रील बनी हैं। लगभग 24 हजार से अधिक रील बनाए गए हैं। दरअसल, यह कोई फिल्मी या आम गीत नहीं, बल्कि सोहर है। सोहर उत्तर भारत, खासकर बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश की सदियों पुरानी लोक परंपरा का मंगल गीत है, जो बच्चे के जन्म पर परिवार की महिलाएँ मिलकर गाती हैं। गीत में ‘होरिलवा’ का अर्थ नवजात शिशु है। नीलोत्पल मृणाल के अनुसार होरिलवा हिरण के बच्चे को भी कहते हैं। बच्चा जन्म के समय इतना सुंदर और प्यारा होता है कि लोक परंपरा में उसकी तुलना हिरण के बच्चे से की जाती है।

सोहर गीत की खासियत इसके बोल और अंदाज हैं। इसमें नवजात की नजर से मम्मी, पापा, दादा-दादी, चाचा और बुआ-फूफा जैसे रिश्तों का हास-परिहास भरा बखान है। खासकर फूफा वाली पंक्ति ने लोगों को खूब गुदगुदाया है। इसी वजह से गीत घर-घर की महफिल में छा गया। नीलोत्पल मृणाल का कहना है कि बीते वर्षों में इंटरनेट पर सैंया और भौजी जैसे रिश्तों पर तो खूब सामग्री बनी, पर मौसा और फूफा जैसे रिश्ते पीछे छूट गए थे। अब युवा चाचा, दादा, दादी, फूफा और मौसा पर भी ट्रेंड बना रहे हैं, जो बताता है कि नयी पीढ़ी परिवार और रिश्तों को नए अंदाज में मनाना चाहती है। उन्होंने बताया कि भोजपुरी में किसी एक रिश्ते को केंद्र में रखकर उसका उत्सव मनाने वाला ऐसा गीत लिखने की यह उनकी पहली कोशिश है। पटना में हुए साहित्य के एक बड़े उत्सव के मंच पर भी उन्होंने इसे लोगों के सामने रखा। उनकी अपील है कि भोजपुरी के कलाकार और रचनाकार भाषा को लेकर आत्मविश्वास रखें, क्योंकि अच्छी रचनाओं के कद्रदान आज भी मौजूद हैं। इस गीत को मिले प्रेम को वे इसी भरोसे का सबूत मानते हैं। उनका कहना है कि इससे उनकी जिम्मेदारी बढ़ गयी है और वे आगे भी ऐसे गीत लिखना और गाना चाहते हैं, ताकि आपत्तिजनक गीतों के बीच भोजपुरी की मिठास और मर्यादा बनी रहे।

नीलोत्पल मृणाल एक इंटरव्यू में कहते हैं कि यह बड़ी बात है महज 24 घंटे में इस सोहर गीत पर रिकॉर्ड रील बन गए हैं। इसी तर्ज पर हजारों पैरोडी रील भी बन रहे हैं। इसमें नाना-नानी, मौसा-मौसी की भी अब एंट्री हो गयी है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर यह इतना वायरल हो गया है कि जिस बबुआ का अभी अन्नप्रासन का समय हो रहा है, उसे ‘रीलासन’ कराया जा रहा है। वहीं, लोक गायिका मनीषा श्रीवास्तव कहती हैं कि सोहर में स्थानीय बोली और पारिवारिक रिश्तों की झलक मिलती है। आधुनिक समय में यह परंपरा कुछ कम जरूर हुई है, पर गांवों में जन्म संस्कार के दौरान आज भी सोहर सुनाई देता है। ऐसे में एक पारंपरिक विधा का नयी पीढ़ी के बीच इस तरह लोकप्रिय होना लोकगीतों के लिए शुभ संकेत माना जा रहा है।









