Mukhiyajee Reporter | Patna
छठ को लोक आस्था का महापर्व यूं ही नहीं कहा जाता। इसके पीछे कई ऐसी कथाएं हैं जो पीढ़ियों से घर-घर सुनायी जाती हैं। इन कथाओं में कहीं संतान की रक्षा की पुकार है, तो कहीं संकट से उबरने की आस। अलग-अलग कथाओं के बीच एक बात साझा है कि सच्ची आस्था से किया गया व्रत कभी खाली नहीं जाता। सबसे प्रचलित कथा राजा प्रियंवद की है। कई जगह उन्हें प्रियव्रत नाम से भी जाना जाता है। मान्यता है कि राजा और रानी मालिनी को संतान नहीं थी। उन्होंने महर्षि कश्यप से अपनी पीड़ा कही। महर्षि ने पुत्र प्राप्ति के लिए यज्ञ कराया और यज्ञ की खीर रानी को खाने को दी। रानी ने पुत्र को जन्म दिया, लेकिन वह मृत पैदा हुआ। दुख से टूटे राजा बच्चे को लेकर श्मशान पहुंचे और वहीं अपने प्राण त्यागने लगे।

कथा कहती है कि श्मशान में तभी एक देवी प्रकट हुईं। उन्होंने बताया कि वे ब्रह्मा की मानस पुत्री हैं और सृष्टि के छठे अंश से उत्पन्न होने के कारण उनका नाम षष्ठी है। देवी ने राजा से कहा कि वे उनकी पूजा करें और दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करें। राजा ने पूरे मन से व्रत किया और उनके घर संतान की खुशी लौट आयी। कहा जाता है कि तभी से षष्ठी देवी, यानी छठी मैया की पूजा की परंपरा चली।
एक दूसरी कथा महाभारत काल की है। मान्यता है कि वनवास के दौरान जब पांडवों पर संकट पर संकट आ रहे थे, तब द्रौपदी ने सूर्य देव की आराधना की और सूर्य षष्ठी का व्रत रखा। लोक में कहा जाता है कि उसी के फल से पांडवों को अपना खोया राजपाट वापस मिला। इसी युग के दानवीर कर्ण भी रोज सूर्य की उपासना के लिए जाने जाते हैं। इसके पहले की मान्यताएं भी हैं। इसी कड़ी में हमने सतयुग में भगवान राम और माता सीता के सूर्य उपासना करने की कथा के बारे में जानकारी दी हैं। तब माँ सीता ने मुंगेर में छठ पर्व किया था।

बहरहाल, छठ की जड़ें किसी एक युग या एक कथा में नहीं, कई युगों की आस्था में फैली हैं। बिहार के गांवों में आज भी महिलाएं इन्हीं कथाओं को सुनते हुए व्रत करती हैं। कोई संतान की लंबी उम्र मांगती है, कोई परिवार की खुशहाली, तो कोई पुरखों की इस परंपरा को निभाने का सुख पाती है। कुछ गीत के जरिए कोई रुनकी-झुनकी बेटी मांगती है तो कोई पढ़ा-लिखा दामाद। गायिका शारदा सिन्हा ने भी अपने कई छठ गीतों में इसी तरह की दंत कथाओं को काफी करीने से परोसा है। ऐसे में आप कह सकते हैं कि कथा चाहे जो भी हो, घाट पर खड़ी हर व्रती के मन में यही भरोसा होता है कि छठी मैया सबकी सुनती हैं।









