मुखियाजी छठ स्पेशल | भाग 10 : भगवान भास्कर की सात संतानों की भी हैं अलग कथाएं; संज्ञा, छाया, शनि-यम के साथ दानवीर कर्ण भी

Mukhiyajee Reporter | Patna

छठ के दिन जब व्रती डूबते और उगते सूरज को अर्घ्य देते हैं, तो मन में एक सवाल उठता है कि जिन सूर्य देव को हम पूजते हैं, उनका अपना घर-परिवार कैसा था। पुराणों और लोककथाओं में इसकी बड़ी दिलचस्प कहानी मिलती है। यह कथा बताती है कि तेज और प्रताप वाले देवता के घर में भी रिश्तों की उलझनें थीं और उन्हीं से कई पर्व और मान्यताएं जुड़ीं। कथा के अनुसार सूर्य देव का विवाह संज्ञा से हुआ था। सूर्य का तेज इतना प्रचंड था कि संज्ञा उसे सह नहीं पाती थीं। समय के साथ उनके तीन बच्चे हुए, पुत्र वैवस्वत मनु व यमराज और पुत्री यमुना। फिर भी तेज का ताप कम नहीं हुआ।

कहा जाता है कि तब संज्ञा ने अपनी तपस्या की शक्ति से अपना एक प्रतिरूप बनाया, जिसे छाया कहा गया। बच्चों की देखभाल का जिम्मा छाया को सौंपकर संज्ञा तपस्या करने चली गयीं। खास बात कि भगवान सूर्य को छाया के बारे में लंबे समय तक पता ही नहीं चला। उन्हें लग रहा था कि उनके साथ संज्ञा ही रह रही हैं। बाद में छाया और सूर्य देव की भी तीन संतानें हुईं। ये संतानें हैं शनि देव, सावर्णि मनु और तपती। मान्यता है कि जब शनि देव का जन्म हुआ, तो उनका सांवला रंग देखकर सूर्य देव को संदेह हो गया और उन्होंने उन्हें अपना पुत्र मानने से इनकार कर दिया। इससे शनि देव रुष्ट हो गए। कथा में आगे आता है कि भगवान शिव के बीच-बचाव से पिता-पुत्र का रिश्ता सुधरा और शनि देव को कर्मों के हिसाब से फल देने वाले न्यायाधीश का पद मिला।

भाई दूज की कथा भी इसी परिवार से जुड़ी बतायी जाती है। मान्यता है कि सूर्य की पुत्री यमुना और पुत्र यमराज के स्नेह से यम द्वितीया का पर्व चला, जब भाई-बहन एक-दूसरे के घर जाकर आशीर्वाद लेते हैं। इसी तरह, महाभारत के वीर कर्ण को भी सूर्यपुत्र माना जाता है, जो रोज सूर्य की उपासना करते थे। उनका जन्म कुंती के पुत्र प्राप्ति आह्वान से हुआ था। बहरहाल, इन कथाओं में बड़ी सीख छिपी है। जहां मां की ममता है, वहां त्याग भी है। जहां पिता का तेज है, वहां संयम की जरूरत भी है। और जहां रिश्तों में दरार आती है, वहां समझदारी और मेल-मिलाप से ही रास्ता निकलता है। शायद इसीलिए छठ में सूर्य की पूजा केवल देवता की पूजा नहीं, पूरे परिवार की सुख-शांति की कामना भी है, जो संतान की रक्षा और परिवार के जुड़ाव का भाव सामने रखती है।