Mukhiyajee Reporter | Patna
छठ का नाम आते ही हर बिहारी के मन में अपनापन जाग उठता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि मान्यता के अनुसार इस महापर्व की शुरुआत हमारे ही बिहार की धरती पर, मुंगेर में गंगा मइया के किनारे हुई थी। कहा जाता है कि यहीं माँ सीता ने पहली बार छठ का व्रत किया था और आज भी वहां उनके चरणों के निशान लोगों की आस्था का केंद्र बने हुए हैं। आनंद रामायण में इस कथा का जिक्र मिलता है। मान्यता है कि मुंगेर में गंगा के बीचोबीच एक पहाड़ी जैसी जगह है, जहां मुद्गल ऋषि का आश्रम हुआ करता था। यह जगह बबुआ गंगा घाट से करीब तीन किलोमीटर दूर बतायी जाती है। लोग कहते हैं कि ऋषि के कहने पर भगवान राम और माता सीता मुंगेर आए थे। ऋषि ने माता सीता को कार्तिक महीने की षष्ठी तिथि पर सूर्यदेव की उपासना करने की सलाह दी। माता सीता ने गंगा के किनारे इसी विधि से व्रत किया और सूर्य को अर्घ्य दिया।

इसी पावन जगह को आज सीता चरण मंदिर के नाम से जाना जाता है। मंदिर के गर्भगृह में माता सीता के पैरों के निशान बताए जाते हैं। मुंगेर के कष्टहरणी घाट से भी इस कथा का रिश्ता जोड़ा जाता है। छठ के दिनों में यहां श्रद्धालु दूर-दूर से आते हैं, घाट पर अर्घ्य देते हैं और चरण चिह्न के दर्शन कर खुद को धन्य मानते हैं। गंगा के बीच बसे इस आश्रम और उसके आसपास का नजारा श्रद्धालुओं को और भी भावुक कर देता है। हालांकि छठ की शुरुआत को लेकर लोक में और भी कई कथाएं चलती हैं। एक मान्यता यह भी है कि लंका पर जीत के बाद जब अयोध्या में रामराज्य की स्थापना हुई, तब कार्तिक शुक्ल षष्ठी के दिन भगवान राम और माता सीता ने उपवास रखकर सूर्य देव की पूजा की थी। अगले दिन सप्तमी को सूर्योदय के समय फिर पूजा कर आशीर्वाद लिया गया। यही परंपरा पीढ़ी-दर-पीढ़ी चलती आ रही है। कथाएं भले अलग-अलग हों, पर सबमें एक बात साझा है कि छठ सूर्य की उपासना और नारी की साधना का पर्व है।

बहरहाल, बिहार के लिए यह बात गर्व की है कि जिस पर्व को आज देश-दुनिया में बसे बिहारी पूरे मन से मनाते हैं, उसकी जड़ें इसी मिट्टी से जुड़ी बतायी जाती हैं। गंगा किनारे बसे गांव हों या शहर, छठ के दिनों में हर घर में वही सादगी, वही शुद्धता और वही भाव दिखता है, जो सदियों पहले की कथाओं में मिलता है। इस बार भी छठ पर मुंगेर के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है। लोग माँ सीता के चरण चिह्न के दर्शन कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की लंबी उम्र की कामना करेंगे। इतना ही नहीं, महाभारत काल में तो सूर्य पुत्र ही थे राजा दानवीर कर्ण। वे इसी अंग प्रदेश के राजा थे तथा मुंगेर में ही बैठकर रोज सवा मन सोना दान करते थे। वैसे तो इनकी भी ढेर सारी कहानियां हैं। महाभारत काल से जुड़ी एक कहानी यह भी कि द्रौपदी ने भी उस काल में छठ व्रत किया था।











