Mukhiyajee Reporter | Patna
लोक आस्था के महापर्व छठ की आहट के साथ ही पूरे बिहार का माहौल भक्तिमय हो उठा है। गांव की पगडंडियों से लेकर गंगा किनारे बसे शहरों तक, हर तरफ तैयारियों की हलचल दिख रही है। कहीं पोखर और तालाब की सफाई हो रही है, कहीं घाटों पर रंग-रोगन और सजावट का काम चल रहा है, तो कहीं घर-आंगन लीप-पोतकर पर्व के स्वागत की तैयारी हो रही है। गांवों में नदी, ताल, तलैया और पोखरों की सफाई शुरू हो गयी है। ग्रामीण टोली बनाकर घाटों तक जाने वाले रास्तों की मरम्मत कर रहे हैं, किनारों से घास-फूस और कचरा हटा रहे हैं और पानी के आसपास की जगह को समतल कर रहे हैं। कई जगहों पर युवाओं की टोलियां सुबह-सुबह फावड़ा-कुदाल लेकर निकल पड़ती हैं। छठ व्रती और उनके परिजन इसे सेवा और पुण्य का काम मानते हैं, इसलिए सफाई में हर उम्र के लोग हाथ बंटा रहे हैं। जो तालाब साल भर उपेक्षित पड़े रहते हैं, वे इन दिनों साफ-सुथरे और सुंदर नजर आने लगे हैं।


गंगा किनारे के शहरों में भी घाटों की सफाई के साथ सजावट का काम शुरू हो गया है। खासकर राजधानी पटना के घाटों को इस बार बेहतरीन ढंग से सजाने की तैयारी दिख रही है। घाटों पर रंगीन झालरें, रोशनी और आकर्षक सजावट की जा रही है। सीढ़ियों की सफाई, रास्तों की मरम्मत और व्रतियों के लिए सुविधाजनक इंतजाम पर भी काम चल रहा है, ताकि अर्घ्य के समय श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। शाम ढलते ही जगमगाते घाटों की छटा देखने लायक होती है। गांवों की फिजा को सबसे ज्यादा बदला है छठ गीतों ने। लोकगायिका शारदा सिन्हा सहित कई अन्य गायकों के छठ गीत गली-मोहल्लों, चौराहों और घरों में गूंज रहे हैं। इन गीतों की धुन कान में पड़ते ही मन में पर्व की पवित्रता और अपनेपन का भाव जाग उठता है। बुजुर्ग हों या बच्चे, हर कोई इन गीतों में अपनी परंपरा और संस्कृति की झलक पाता है। यही वजह है कि छठ के गीत सिर्फ सुनने की चीज नहीं, बल्कि पर्व के आने का संदेश माने जाते हैं।


पर्व की सबसे खूबसूरत तस्वीर उन परिवारों में दिख रही है, जिनके अपने रोजी-रोटी के लिए बड़े शहरों में रहते हैं। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और अन्य महानगरों से लोग अपने-अपने गांव लौटने लगे हैं। रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर घर लौटने वालों की भीड़ है। हाथों में गठरी, आंखों में घर पहुंचने की बेसब्री और दिल में मां-पिता से मिलने की उमंग लिए ये लोग गांव की मिट्टी की ओर बढ़ रहे हैं। बरसों बाद गांव की गलियों में अपनों की रौनक लौटी है और आंगन में एक बार फिर पूरा परिवार जुटने लगा है। बहरहाल, छठ केवल पूजा का पर्व नहीं है। यह स्वच्छता, अनुशासन, प्रकृति के प्रति आभार और परिवार को जोड़ने वाली परंपरा का नाम है। जिस तरह सब मिलकर नदी-तालाब साफ कर रहे हैं और घाटों को सजा रहे हैं, वह समाज को एकजुटता और सफाई का सुंदर संदेश भी देता है।






