Mukhiyajee Reporter | Patna
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने इंटरमीडिएट एवं मैट्रिक वार्षिक परीक्षा, 2027 के परीक्षा फॉर्म से छूट गए स्टूडेंट्स को बड़ी राहत दी है। समिति ने ऐसे स्टूडेंट्स के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की अवधि बढ़ा दी है। लेकिन, अब छूटे हुए स्टूडेंट्स के फॉर्म 16 अक्टूबर 2026 से 31 अक्टूबर 2026 तक विलम्ब शुल्क के साथ भरे जा सकेंगे। समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एसएम ने बताया कि छूटे हुए स्टूडेंट्स का ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म विद्यालयों के प्रधानाध्यापक भरेंगे। यह सुविधा केवल उन्हीं विद्यार्थियों के लिए है, जो निर्धारित अवधि में किसी कारणवश फॉर्म नहीं भर पाए।

दरअसल, इंटरमीडिएट एवं मैट्रिक वार्षिक परीक्षा, 2027 के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि आज, यानी 15 अक्टूबर को समाप्त गयी। हालांकि, बिहार बोर्ड ने दो बार बिना विलम्ब शुल्क के साथ फॉर्म भरने की तारीख बढ़ायी थी। इसके बाद भी काफी संख्या में स्टूडेंट्स फॉर्म भरने से छूट गए हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए बोर्ड ने एक बार फिर अवधि विस्तार का निर्णय लिया, ताकि कोई भी स्टूडेंट परीक्षा से वंचित न रह जाए। लेकिन इस बार बोर्ड ने आर्थिक दंड लगाते हुए 16 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक फॉर्म भरने का डेट निर्धारित किया है। इंटरमीडिएट और मैट्रिक वार्षिक परीक्षा, 2027 का परीक्षा फॉर्म भरने के लिए वेबसाइट निर्धारित हैं। प्रधानाध्यापक इन्हीं संबंधित वेबसाइटों के माध्यम से अपने विद्यालय के छूटे हुए विद्यार्थियों का फॉर्म भर सकेंगे।

बिहार बोर्ड के अनुसार, मैट्रिक और इंटरमीडिएट के लिए फॉर्म भरने पर अब प्रति स्टूडेंट 150/- रुपये लिये जाएंगे। बाकी शुल्क पूर्व की तरह निर्धारित हैं। यानी निर्धारित शुल्क के साथ 150/- रुपये और जुट जाएंगे। बहरहाल, स्कूलों का मानना है कि बोर्ड के इस निर्णय से उन स्टूडेंट्स को सीधा लाभ मिलेगा, जिनका फॉर्म तकनीकी या अन्य कारणों से समय पर नहीं भरा जा सका। बिना फॉर्म भरे कोई भी स्टूडेंट वार्षिक परीक्षा में शामिल नहीं हो सकता, इसलिए यह विस्तारित अवधि उनके लिए बेहद अहम है। 31 अक्टूबर के बाद फॉर्म भरने का मौका मिलेगा या नहीं, इस बारे में बोर्ड ने फिलहाल कुछ नहीं कहा है।





