Mukhiyajee Reporter | Patna
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार अभियान ने अब सामाजिक समीकरणों को भी गति दे दी है। इसी कड़ी में निषाद नेता के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भाजपा के समर्पित नेता मुकेश निषाद लगातार क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाकर भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं। निषाद समाज के बीच बैठकों, संवाद और संपर्क अभियान के जरिए वे भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में समाज को मिले सम्मान और भागीदारी का संदेश पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि निषाद समाज अब भावनाओं से नहीं, बल्कि विकास, सम्मान और भागीदारी की राजनीति के साथ खड़ा है। उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर उपचुनाव में निषाद समाज का बड़ा समर्थन भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा को मिलेगा और यह जीत बिहार के जनादेश की दिशा भी तय करेगी।
मुकेश निषाद ने कहा कि उनका राजनीतिक जीवन संघर्षों से भरा रहा है। वे विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे, लेकिन समय के साथ पार्टी की कार्यशैली और स्वार्थलोलुप राजनीति से असहमत होकर अलग रास्ता चुना। समाज के स्वाभिमान और अधिकारों को केंद्र में रखकर उन्होंने अपनी अलग राजनीतिक पहचान बनायी और बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राष्ट्रहित की सोच तथा भाजपा की सेवा, समर्पण और विकास की विचारधारा से प्रभावित होकर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा वंचित, पिछड़े और अतिपिछड़े समाज को सम्मान देने का काम किया है। केंद्र और राज्य सरकार की अनेक योजनाओं का लाभ आज समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि समाज के लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना होना चाहिए।

निषाद सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश निषाद ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ दल चुनाव के समय केवल समाज का नाम लेते हैं, जबकि भाजपा पूरे पांच वर्ष समाज के बीच रहकर सेवा करती है। यही कारण है कि आज विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोग लगातार भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संपर्क अभियान तेज करने की अपील करते हुए कहा कि निषाद समाज पूरी मजबूती के साथ भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में खड़ा है और विकास तथा सुशासन की राजनीति को आगे बढ़ाने के लिए एकजुट होकर मतदान करेगा।





