Mukhiyajee Reporter | Ajeet (Fulwari Sharif Patna)
भारतीय जनता पार्टी के बिहार प्रदेश द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत पटना ग्रामीण में दो दिन और एक रात का जिला स्तरीय प्रशिक्षण सत्र के समापन सत्र में आज रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए। उन्होंने समापन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण वर्ग पार्टी संगठन को और अधिक सशक्त एवं कार्यकर्ताओं को दक्ष बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह अभियान संगठन की विचारधारा, अनुशासन और जनसेवा के संकल्प को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। प्रशिक्षित और समर्पित कार्यकर्ता ही मजबूत संगठन की पहचान होते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशिक्षण अभियान कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सुदृढ़ करते हुए संगठनात्मक दक्षता को और निखारने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण वर्ग न केवल कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाते हैं, बल्कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को नई दिशा, नई ऊर्जा और सेवा का नया संकल्प प्रदान करेगा, जिससे संगठन और अधिक सशक्त होकर समाज के हर वर्ग के कल्याण में अग्रणी भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ के सिद्धांत के साथ कार्य करता है और यह प्रशिक्षण उसी भावना को और मजबूत करने का माध्यम है। इस प्रशिक्षण वर्ग के माध्यम से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूती प्रदान करने तथा आगामी समय में जनसंपर्क अभियान को गति देने की योजना है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि सरकार पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मान और सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत हैं और उन्हीं के बूते बिहार में सरकार बनी है। सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर जनता को परेशानी हो रही हो तो पार्टी मंच से लेकर सरकार के स्तर तक बात पहुंचाई जाए। थाना, अंचल, प्रखंड और अन्य प्रशासनिक समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय 24 घंटे काम कर रहा है, जिसका लाभ आम लोगों तक पहुंचाना जरूरी है।


समापन सत्र में बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी की विचारधारा को हर समुदाय और हर वर्ग के लोगों तक मजबूती से पहुंचाना है। युवाओं को पार्टी से जोड़ने, पंचायत स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठन को सक्रिय रखने तथा सरकार की योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। बिहार के सभी जिलों में दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. प्रशिक्षण का उद्देश्य पार्टी की नीति, संगठन की सोच, सिद्धांत और कार्यशैली को धारदार बनाना है। बहरहाल, पटना ग्रामीण जिला भाजपा द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान 2026’ के समापन सत्र में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रसेवा एवं जनकल्याण के संकल्प को और मजबूत करने का संकल्प लिया गया। हालांकि, कार्यक्रम में मीडिया के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रखा गया था। अंदर केवल कार्यकर्ताओं के बीच संगठनात्मक चर्चा और प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया, जिसके बाद मुख्यमंत्री वापस लौट गए।





