उपेंद्र कुशवाहा को जीतेंद्र नाथ ने दिया बड़ा झटका, रालोमो के दो दर्जन से अधिक नेता कांग्रेस में शामिल

Nidhi Shekhar | Patna
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के संस्थापक उपेंद्र कुशवाहा को पार्टी के ही राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे जीतेंद्र नाथ पटेल तथा उनके पुत्र रालोमा के पूर्व महासचिव व प्रवक्ता राहुल कुमार ने बड़ा झटका दिया है। वे दो दर्जन से अधिक पार्टी पदाधिकारियों के साथ मंगलवार को कांग्रेस में शामिल हो गये। कांग्रेस में शामिल होनेवाले नेताओं में रालोमो के प्रदेश स्तर से लेकर जिला स्तर तक के नेता शामिल हैं। पटना के सदाकत आश्रम में आयोजित मिलन समारोह में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने उन्हें कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता दिलायी और उनके साथ सभी नेता, कार्यकर्ताओं का पार्टी में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जीतेंद्र नाथ के पार्टी में शामिल होने से कांग्रेस को मजबूती मिलेगी। 24 घंटे उन्होंने उपलब्ध रहने का आश्वासन दिया। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरू ने जीतेंद्र नाथ और राहुल कुमार के साथ उनके सभी नेता और कार्यकर्ताओं को कांग्रेस का पटका पहनाकर स्वागत किया।

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारू ने सदस्यता ग्रहण कराने के बाद कहा कि आज हमारी देश की गोपनीय सूचनाएं डाटा के रूप में और देश की संपत्तियों को देश के अंदर छिपे जयचंद अमेरिका के हाथों लगातार सौंप रहे हैं। देश की कमान संभाल रहे ‘जयचंद’ के कारण हमारे देश की संप्रभुता खतरे में हैं। आईटी सेक्टर से लेकर खेती तक अमेरिका के हाथों में सौंप कर देश को खोखले करने वाली पार्टी सत्ता में स्थापित है और लगातार देश को छलने का काम कर रही है। ऐसे में युवाओं और किसानों के साथ सभी वर्ग के लोग परेशान है और वर्तमान सरकार की नीतियों के खिलाफ हो चुके हैं और कांग्रेस पार्टी के तरफ आशा भरी निगाहों से देख रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नए नेताओं के शामिल होने से सामाजिक न्याय की लड़ाई और मजबूत होगी। अदानी को बिहार में सौंपे गए एक रुपए में हजारों एकड़ जमीन पर भी उन्होंने करारा हमला करते हुए इसे गरीब और पिछड़ा विरोधी बताया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि बिहार की वर्तमान सरकार ने महिलाओं की हकमारी की है और ऋण देकर उन्हें कर्ज के बोझ में डाल रही है। नीट छात्रा के परिवार के साथ न्याय की लड़ाई में ज्यादती की जा रही है। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष में बैठे भाजपा आखिर कैसे इस मुद्दे पर न्याय दे सकती है, जब उसी की पुलिस बिहार में बच्ची के परिजनों को केस मैनेज करने की धमकी दे रही है। राजेश राम ने आगे कहा कि माइक्रो फाइनेंस कंपनियों से ग्रामीण और शहरी महिलाएं परेशान हैं, लेकिन सरकार मौन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आत्मनिर्भर करने के लिए परिवारों को मनरेगा योजना दी,जिसको बंद कर यह भाजपा सरकार ने पांच किलो राशन देकर ही खुद को मजबूत बता रही है। सामाजिक न्याय की लड़ाई को और मजबूती देने के लिए सभी साथियों को संगठन से जुड़ने के लिए शुभकामनाएं दी।

पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे जीतेंद्र नाथ पटेल ने मुखियाजी डॉट कॉम और राजनीतिक अड्डा डॉट कॉम को बताया कि कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी देश के ऐसे एकमात्र नेता हैं जो मजबूती के साथ भारत की बेहतरी के लिए वर्तमान सरकार के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी मुझे जहां और जिस जिम्मेदारी में इस्तेमाल करना चाहेगी, मैं अपनी जिम्मेदारी भरपूर निभाऊंगा। राष्ट्रीय लोक मोर्चा में प्रदेश प्रवक्ता रहे राहुल कुमार ने भी कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद एनडीए और भाजपा के नीतियों के खिलाफ जमकर बरसे और युवाओं के रोजगार पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ही एकमात्र देशहित में मजबूती से लड़ाई लड़ी है। कांग्रेस पार्टी से जुड़कर मुझे गर्व महसूस हो रहा है। पार्टी में मजबूती से काम करने का संकल्प उन्होंने दोहराया।

अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता राजद नेत्री नीलम परवीन ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता लेने के बाद महिलाओं के लिए बेहतर काम करने का संकल्प लिया और महिला सुरक्षा पर फिसड्डी बिहार की एनडीए सरकार को जमकर कोसा। महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरीके से भाजपा एनडीए सरकार में ताक पर रख दिया गया है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी से जुड़कर उनके हक और सुरक्षा की लड़ाई को मजबूती से स्थापित करने का संकल्प लिया। मिलन समारोह कार्यक्रम का संचालन प्रदेश प्रवक्ता डॉ स्नेहाशीष वर्धन पांडेय ने किया। आज के मिलन समारोह में जीतेंद्र नाथ पटेल और राहुल कुमार के अलावा पप्पू राज मंडल (जिलाध्यक्ष,शेखपुरा, रालोमो), महेंद्र कुशवाहा (प्रदेश उपाध्यक्ष, रालोमो), राजेश रंजन सिंह उर्फ गुरु मुखिया (प्रदेश महासचिव, रालोमो), बिपिन कुमार चौरसिया (प्रदेश महासचिव, रालोमो), प्रमोद यादव (प्रदेश महासचिव, रालोमो), गोरेलाल कुशवाहा (प्रदेश सचिव, रालोमो), राजाराम प्रसाद महतो (प्रदेश महासचिव, अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ, रालोमो), राम प्रसाद दास (प्रदेश महासचिव, दलित प्रकोष्ठ, रालोमो), सुरेंद्र दास (प्रदेश उपाध्यक्ष, दलित प्रकोष्ठ, रालोमो), सुभाष सिंह (जिला उपाध्यक्ष रालोमो), रामलगन महतो (प्रदेश उपाध्यक्ष, अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ, रालोमो), दानी प्रसाद (जिला प्रवक्ता, शेखपुरा, रालोमो), अफसर खान (जिला उपाध्यक्ष, शेखपुरा, रालोमो), राजीव पटेल (जिला कोषाध्यक्ष, शेखपुरा, रालोमो), प्रेम कुमार गुप्ता (नगर अध्यक्ष, शेखपुरा, रालोमो), अमीर कुमार मंडल (प्रखंड अध्यक्ष – घाट कुसुंभा, रालोमो), सत्येंद्र नारायण सिंह (प्रखंड अध्यक्ष – शेखोपुरसराय, रालोमो), विद्यासागर चंद्रवंशी (प्रखंड अध्यक्ष, बरबीघा, रालोमो), रामाश्रय महतो (पूर्व मुखिया, पाली, लखीसराय सह प्रदेश महासचिव, रालोमो), आजाद प्रसाद (जिला महासचिव, जेडीयू, शेखपुरा), पिंटू कुमार (छात्र नेता, पटना विश्वविद्यालय), रवि मांझी
(जिलाध्यक्ष, दलित प्रकोष्ठ, शेखपुरा, रालोमो), गोरेलाल यादव (जिला उपाध्यक्ष, रालोमो शेखपुरा), गोल्डन खान (जिला महासचिव, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ, रालोमो), कपिल पासवान (जिला उपाध्यक्ष, दलित प्रकोष्ठ, शेखपुरा), बबन चौरसिया (जिला उपाध्यक्ष, शेखपुरा, रालोमो) तथा उपेंद्र यादव (जिला उपाध्यक्ष, रालोमो, शेखपुरा) ने कांग्रेस की सदस्यता ली।