Muzaffarpur News : सरैया प्रखंड के प्रमुख और उपप्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव, मामला वित्तीय हेराफेरी का

Nidhi Shekhar / Patna : बिहार में पंचायत चुनाव भले ही अगले साल हों। इसके होने में महज आठ से दस माह बचे हैं, लेकिन पंचायतों में ‘कुर्सी’ का उलटफेर वाला खेल जारी है। ऐसा ही मामला मुजफ्फरपुर जिले के सरैया प्रखंड में देखने को मिला है। सरैया की प्रमुख जानकी देवी और उप प्रमुख तारकेश कुमार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित किया गया है। मिल रही जानकारी के अनुसार, सरैया प्रखंड के पंचायत समिति सदस्यों ने मंगलवार को प्रमुख जानकी देवी और उप प्रमुख तारकेश कुमार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित किया है। प्रस्ताव की प्रति प्रमुख और उपप्रमुख के अलावा सरैया के प्रखंड विकास पदाधिकारी सह कार्यपालक पदाधिकारी को भी दी गयी है।

पंचायत समिति सदस्य पप्पू ठाकुर ने मुखियाजी डॉट कॉम को बताया कि अविश्वास प्रस्ताव की भनक लगते ही प्रमुख और उप प्रमुख कार्यालय नहीं आये। उनसे फोन‌ पर संपर्क करने की कोशिश की गयी, लेकिन बात नहीं हो पायी है। वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी सह कार्यपालक पदाधिकारी छुट्टी पर बताये गये। उन्होंने यह भी बताया कि हालांकि, प्रखंड विकास पदाधिकारी ने फोन पर मुझे बताया कि मेरे व्हाट्सऐप पर अविश्वास प्रस्ताव का आवेदन भेज दीजिए। ऐसे में उनके सुझाव के मुताबिक आवेदन उनके व्हाट्सऐप पर भेज दिया गया है। प्रखंड विकास पदाधिकारी से अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए 15 दिन के भीतर विशेष बैठक बुलाने का आग्रह किया गया है।

पप्पू ठाकुर ने आगे बताया कि प्रमुख और उप प्रमुख के खिलाफ वित्तीय हेराफेरी और मनमानी के गंभीर आरोप हैं। ऐसे में 15 सदस्यों ने दोनों को पद से अपदस्थ करने के लिए अविश्वास प्रस्ताव दिया है। उन्होंने बताया कि आवेदन पर हस्ताक्षर करने वालों में 1. पप्पू कुमार, 2. प्रदीप कुमार, 3.पिंटू, 4.धर्मेंद्र कुमार, 5. कंचन माला, 6. अखिलेश कुमार, 7.अमृता देवी, 8. सुनिला कुमारी, 9.मुन्नी देवी, 10.आशा देवी, 11.रिंकु देवी, 12. अंकिता देवी, 13. रीता देवी, 14. विजय नंदन कुमार और 15. शर्मिला देवी मुख्य रूप से शामिल हैं। बता दें कि सरैया में पंचायत समिति सदस्यों की संख्या 41 है।