Rajesh Thakur | Patna
मुंगेर विधायक कुमार प्रणय ने बिहार विधानसभा में क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था एवं आधारभूत संरचना से जुड़े दो महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने एक ओर सदर प्रखंड स्थित +2 गांधी उच्च विद्यालय, कुतलुपुर में छात्रों को हो रही शैक्षणिक कठिनाइयों का मामला उठाया, तो दूसरी ओर बरियारपुर प्रखंड के हरिणमार पंचायत स्थित अटसड़िया नदी पर अटसईया बिजली पुल के निर्माण में हो रही देरी का मामला भी सरकार के समक्ष रखा। उन्होंने तारांकित प्रश्न के माध्यम से शिक्षा मंत्री से पूछा कि +2 गांधी उच्च विद्यालय, कुतलुपुर में मात्र दो कमरों में पठन-पाठन संचालित होने के कारण छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय परिसर में चहारदीवारी नहीं होने से असामाजिक तत्वों एवं मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे शैक्षणिक वातावरण प्रभावित होता है। उन्होंने सरकार से पर्याप्त संख्या में अतिरिक्त वर्ग कक्ष एवं चहारदीवारी निर्माण कराने की मांग की।

इस पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने विधानसभा में उत्तर देते हुए बताया कि विद्यालय में अतिरिक्त 06 वर्ग कक्ष एवं चहारदीवारी निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार कर लिया गया है। नियमानुसार निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने तथा निधि उपलब्ध होने के बाद निर्माण कार्य कराया जाएगा। इसी क्रम में विधायक कुमार प्रणय ने बिहार विधानसभा के निवेदन समिति में बरियारपुर प्रखंड के हरिणमार पंचायत में अटसईया नदी पर प्रस्तावित पुल निर्माण का मामला भी सदन में उठाया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में पुल निर्माण के लिए विभागीय टेंडर हो चुका है, लेकिन एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है। उन्होंने सदन को अवगत कराया कि पुल नहीं बनने के कारण ग्रामीणों को आज भी नाव से नदी पार करनी पड़ती है अथवा लगभग 10 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे आम लोगों, विद्यार्थियों एवं किसानों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

विधायक कुमार प्रणय ने सरकार से मांग की कि स्थायी पुल निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होने तक जनहित में पीपापुल (अस्थायी पुल) जैसी वैकल्पिक व्यवस्था तत्काल उपलब्ध करायी जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। विधानसभा में उठाए गए इन दोनों महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों को क्षेत्रवासियों के लिए सकारात्मक पहल माना जा रहा है। सरकार द्वारा शीघ्र कार्रवाई करते हुए विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष एवं चहारदीवारी निर्माण के साथ-साथ अटसईया नदी पर पुल निर्माण कार्य भी जल्द प्रारंभ कराएगी, जिससे हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।








