कांटा लगा फेम गर्ल शेफाली जरीवाला का 42 की उम्र में निधन, वरीय पत्रकार निराला बिदेशिया लिखते हैं…

PATNA (MR) : कांटा लगा गाने से मशहूर हुईं शेफाली जरीवाला का शुक्रवार-शनिवार की रात 42 की उम्र में निधन हो गया। उनके चाहने वालों के लिए यह एक बड़ा झटका है। कहा जाता है कि दो दिन पूर्व ही उन्होंने अपना फोटो शूट कराया था। घटना के पीछे कार्डियक अरेस्ट मुख्य कारण बताया जा रहा है। वह मुंबई के अंधेरी लोखंडवाला इलाके में रहने वाली थी। उनके निधन की जानकारी सीनियर फिल्म क्रिटिक विकी लालवानी ने इंस्टाग्राम पर दी है। बताया जाता है कि शेफाली की 11 बजे रात में तबीयत बिगड़ी थी। सीने में दर्द की शिकायत के बाद उनके पति पराग त्यागी उन्हें नजदीक के कूपर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इधर, देश के वरीय पत्रकार निराला बिदेशिया ने घटना पर दुख प्रकट किया है तथा उन दिनों का जिक्र किया है, जब उन्होंने रांची में शेफाली का इंटरव्यू किया था।

निराला लिखते हैं कि शेफाली जरीवाला नहीं रहीं। 42 की उम्र में अचानक दुनिया से विदा हुईं। सीने में दर्द उठा और फिर जिंदगी खत्म। हमने पहली बार किसी बड़ी सेलिब्रिटी का इंटरव्यू किया था तो वह शेफाली ही थीं। रांची में तब दैनिक जागरण के साथ काम करता था। नया-नया रिपोर्टर था। रांची के पास रातु के राजा गोपाल शरण ने अपने महल में एक बड़ा म्यूजिकल नाइट करवाया था। उसमें अभिजीत, शेफाली, सनोबर कबीर समेत सात कलाकार आए थे। सातों का उस दिन इंटरव्यू किया था, पर शुरुआत शेफाली से ही हुई थी। शेफाली तब छाई हुई थी। कांटा लगा गीत से। याद है कि कोई घंटे भर बातचीत होती रही थी। मिलनसार और सहज थीं। इसी सहजता का फायदा उठाते हुए यह भी पूछ लिया था कि यह जरीवाला, गांजावाला, टायरवाला… इन टाइटल की क्या कहानी है?

शेफाली बोली- दिलचस्प सवाल है। कल फिर आइए, हमलोग इस पर भी बात करेंगे। तब तक हम भी सब इतिहास पता कर के रखेंगे। शाम को शो में भारी भीड़ हुई थी। लाठी-डंडे चले थे। हमारा फोटोग्राफर करुण चपेट में आ गया था। शेफाली अपना नंबर देकर गईं कि अब मुंबई जाकर इतिहास पता कर बताऊंगी। पर, कभी फिर फोन नहीं किया। पत्रकारिता में यह वाली ट्रेनिंग तगड़ी हुई थी कि जब पत्रकारिता के सिलसिले में कोई काम हो, बात हो तभी पत्रकार को बात करनी चाहिए। नंबर सबका रखिए,अधिक से अधिक रखिए पर बेजा हाय हेलो के लिए फोन करने से बचना चाहिए।