Ajeet Kumar | Fulwari (Patna)
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ईद के मौके पर फुलवारी शरीफ स्थित प्रसिद्ध खानकाह मुजीबिया पहुंचे, जहां उन्होंने सज्जादा नशीं हजरत मौलाना सैयद शाह आयतुल्लाह कादरी से मुलाकात कर ईद की मुबारकबाद दी। उनके खानकाह पहुंचने पर खानकाह मुजीबिया के प्रबंधक मौलाना मिन्हाजुद्दीन कादरी मुजीबी और नगर सभापति मो. आफताब आलम ने टोपी और गमछा देकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सज्जादा नशीं हजरत मौलाना सैयद शाह आयतुल्लाह कादरी के हुजरे में पहुंचे और उनसे मुलाकात की।

इस दौरान ईद के पाक मौके पर राज्य में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की के लिए दुआ की दरख्वास्त की गयी। मुख्यमंत्री के साथ पूर्व मंत्री श्याम रजक भी मौजूद रहे। वहीं कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी त्यागराजन, एसएसपी कार्तिकेय शर्मा, एसडीएम गौरव कुमार, एसडीपीओ सुशील कुमार, बीडीओ, सीओ और थाना अध्यक्ष सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री करीब 10 मिनट तक खानकाह परिसर में रहे। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद लोगों का अभिवादन किया और हाथ हिलाकर ईद की मुबारकबाद दी। सड़क किनारे खड़े लोगों ने भी मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिए उत्साह दिखाया।

बता दें कि मुकद्दस माह-ए-रमजान के समापन के बाद पूरे बिहार में ईद का त्योहार पूरे अकीदत, एहतराम और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सुबह होते ही सबसे पहले ईद की नमाज अदा की गयी। पटना सहित तमाम जिलों में ईद को लेकर खुशी का माहौल है। राजधानी पटना समेत फुलवारी शरीफ और आसपास के शहरी व ग्रामीण इलाकों से हजारों की संख्या में नमाजी ईदगाहों और मस्जिदों में जुटे। इसके अलावा सिवान, गोपालगंज, मुंगेर, भागलपुर, दरभंगा, समेत अन्य जिलों में भी सुबह ईद की नमाज अदा की गयी। नमाजियों ने अल्लाह की बारगाह में सजदा कर मुल्क, राज्य और शहर में अमन-शांति, तरक्की, खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी। ईद की नमाज को लेकर सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में रौनक देखने को मिली। छोटे-छोटे बच्चे नए कपड़ों में सज-धज कर अपने अभिभावकों के साथ नमाज अदा करने पहुंचे। बुजुर्ग, नौजवान और बच्चे सभी वर्ग के लोगों की मौजूदगी ने ईद की खुशियों को और भी खास बना दिया। अधिक भीड़ होने के कारण कई जगहों पर लोगों ने मस्जिदों की छतों और सड़कों पर भी नमाज अदा की। पटना के गांधी मैदान में नमाज को लेकर सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की गयी थी। यहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार पूरी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पहुचे और उन्होंने सबों को ईद की बधाई और शुभकामनाएं दी।





