मेरे देश की संसद मौन है : जनकवि धूमिल की जयंती पर याद आयी सत्ता से सवाल पूछने वाली कविता; वह कौन है जो सिर्फ रोटी से खेलता है

Mukhiyajee Reporter | Patna

जनकवि सुदामा पाण्डेय ‘धूमिल’ की आज जयंती है। आइये, उनकी बेहतरीन काव्य रचना के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करें।
रोटी और संसद
एक आदमी रोटी बेलता है
एक आदमी रोटी खाता है
एक तीसरा आदमी भी है
जो न रोटी बेलता है, न रोटी खाता है
वह सिर्फ़ रोटी से खेलता है
मैं पूछता हूँ—
‘यह तीसरा आदमी कौन है?’
मेरे देश की संसद मौन है।

कुछ पंक्तियों में पूरे लोकतंत्र की विडंबना कह देने की यही ताकत धूमिल को हिंदी कविता में सबसे अलग खड़ा करती है। नौ नवंबर 1936 को वाराणसी के खेवली गाँव में जन्मे धूमिल का यह 90वीं जयंती है। उनकी कविता आज भी उतनी ही प्रासंगिक है, जितनी आजादी के बाद के उन दशकों में थी, जब आम आदमी का मोहभंग पूरे देश की हवा में घुल रहा था।

धूमिल ने अपनी कविता को किताबी भाषा से निकालकर खेत, कारखाने, चौराहे और गली की बोली में उतारा। उन्होंने रोजी-रोटी के लिए बिजली का काम सीखा और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में अनुदेशक के रूप में नौकरी की। मेहनतकश की जिंदगी को उन्होंने इतने करीब से देखा था कि उनकी कविताओं में मजदूर, किसान और मोची जैसे पात्र किसी कल्पना की तरह नहीं, बल्कि जीते-जागते इंसान की तरह आते हैं। यही वजह है कि पाठक उन्हें ‘जनकवि’ कहकर पुकारते हैं। दरअसल, उनका चर्चित संग्रह ‘संसद से सड़क तक’ 1972 में आया, जिसने हिंदी साहित्य में नई बहस छेड़ दी। इसमें व्यवस्था के खोखलेपन पर जैसी तीखी चोट की गयी, वैसी उस दौर में कम ही देखने को मिलती थी। धूमिल का गुस्सा केवल विरोध के लिए नहीं था। वह उस पीड़ा से उपजा था, जो रोटी बेलने वाले और रोटी खाने वाले के बीच खड़े ‘तीसरे आदमी’ को देखकर होती है, जो मेहनत किए बिना सबकुछ हड़प लेता है।

बहरहाल, जीवन ने उन्हें ज्यादा समय नहीं दिया। 10 फरवरी 1975 को लखनऊ में ब्रेन ट्यूमर के कारण मात्र 38 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया। उनके जाने के बाद प्रकाशित संग्रह ‘कल सुनना मुझे’ के लिए उन्हें 1979 में साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह इस बात का प्रमाण था कि उनकी आवाज बहुत देर से सही, पर पूरे साहित्य जगत ने सुनी। वरीय पत्रकार कुलभूषण गोपाल ने मुखियाजी डॉट कॉम को बताया कि धूमिल की कविताएँ आज के दौर में भी आईना दिखाती हैं। महँगाई, बेरोजगारी और आम आदमी की अनदेखी जैसे सवाल जब भी उठते हैं, उनकी पंक्तियाँ अपने आप जुबान पर आ जाती हैं। उनकी जयंती पर यही संकल्प लेने की जरूरत है कि सवाल पूछने की उस परंपरा को जिंदा रखा जाए, जिसे धूमिल ने अपनी कलम से सींचा था।