भाकपा का पांच दिवसीय बिहार राज्य सम्मेलन शुरू, डी राजा बोले- बिहार से नीतीश सरकार को हटाओ

PATNA (MR) : बिहार से नीतीश सरकार को हटाने के संकल्प के साथ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) का पांच दिवसीय राज्य सम्मेलन आज से शुरू हुआ। पटना के गेट पब्लिक लाइब्रेरी में बनाये गये कॉमरेड रामवतार शास्त्री नगर में आयोजित इस सम्मेलन का समापन 12 सितंबर को होगा। इसकी शुरुआत पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व सांसद नागेंद्र नाथ ओझा ने झंडा फहरा कर की। इसके बाद शहीद वेदी पर पुष्पांजलि कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गयी। शाम चार बजे से खुले सत्र की शुरुआत हुई। खुले सत्र को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डी राजा, राष्ट्रीय सचिव व पूर्व सांसद नागेंद्र नाथ ओझा, राष्ट्रीय सचिव डॉक्टर गिरीश शर्मा, राज्य सचिव रामनरेश पांडेय आदि ने संबोधित किया। खुले सत्र की अध्यक्षता स्वागत समिति के अध्यक्ष व पूर्व कुलपति प्रोफेसर कार्यानंद पासवान ने की, जबकि संचालन स्वागत समिति के महासचिव विश्वजीत कुमार ने किया।

खुले सत्र को संबोधित करते हुए भाकपा महासचिव डी राजा ने कहा कि मताधिकार खतरे में है। चुनाव आयोग अपना संवैधानिक कर्तव्य नहीं निभा रहा है। मताधिकार के लिए बिहार से शुरू हुआ एक बड़ा आंदोलन देश का आंदोलन बन गया है। वोट चोरी किसी भी हाल में नहीं होने देंगे। सांप्रदायिक भाजपा को हराने के लिए लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष दलों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। इंडिया गठबंधन के घटकों को एक-दूसरे के साथ आपसी सहयोग बढ़ाना होगा। सामान्य समझ विकसित करनी होगी और समायोजन करना होगा।

भाकपा महासचिव ने कहा कि मताधिकार एक मौलिक अधिकार है और प्रत्येक नागरिक को यह अधिकार मिला हुआ है, लेकिन बिहार में चुनाव आयोग मतदाता सूची की विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) कराकर दलितों, वंचितों, पिछड़ों, महिलाओं, गरीबों को मताधिकार से वंचित करने की साजिश केंद्र की भाजपा सरकार के इशारे पर की है। उन्होंने कहा कि सभी धर्मनिरपेक्ष ताकतों को एकजुट होना होगा और मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार को हटाना होगा। बीजेपी और आरएसएस से लड़ने के लिए इंडिया गठबंधन का गठन किया गया है। भाकपा ने गठबंधन के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है। इस गठबंधन के घटकों को सांप्रदायिक कट्टरपंथी ताकतों को हटाने के लिए परस्पर सहयोग करना होगा और समायोजन करना होगा। अडानी, अंबानी के वोट और आम आदमी के वोट का भी यही मूल्य होगा।

भाकपा महासचिव ने बिहार की नीतीश सरकार पर भी करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जदयू-भाजपा सरकार के 20 वर्षों के शासन में बिहार कठिन परिस्थिति से जूझ रहा है। बिहार में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है। केंद सरकार के कॉरपोरेट परस्त तथा जनविरोधी नीतियों से देश में महंगाई बेशुमार बढ़ी है तथा रोजगार के अवसर लगातार घट रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष बिहार का विधानसभा चुनाव प्रस्तावित है। इस चुनाव पर पूरे देश की निगाह है। इन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में वर्तमान भाजपा-जदयू सरकार को बदलकर खुशहाल और समृद्ध बिहार बनाने के लिए इंडिया गठबंधन की सरकार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने बदलो सरकार और बचाओ बिहार के लिए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी को मजबूत पहल करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने वोट अधिकार यात्रा के लिए कांग्रेस के वरीय नेता व सांसद राहुल गांधी के प्रति भी आभार जताया।