Mukhiyajee Reporter | Patna
विधवा-बुजुर्गों के खातों में हर हाल में माह की 10 तारीख को पहुंचे पेंशन। इसे लेकर आज बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कड़े निर्देश दिये हैं। उन्होंने आज लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में समाज कल्याण विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत प्रत्येक माह की 10 तारीख तक लाभार्थियों के खातों में राशि का भुगतान हर हाल में सुनिश्चित किया जाए तथा इसमें किसी भी प्रकार की देरी न हो। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर प्रदान की जा रही सेवाओं की तकनीकी माध्यमों से सघन निगरानी की जाए तथा सेविका-सहायिका एवं लक्षित बच्चों की हंड्रेड परसेंट उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र जितने सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण होंगे, बच्चों का सर्वांगीण विकास उतना ही बेहतर होगा।
दरअसल, मार्च 2026 तक सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत प्रत्येक माह की 10 तारीख तक लाभार्थियों के खातों में राशि का भुगतान हो रहा था। लेकिन, नए वित्तीय वर्ष में यह भुगतान अनियमित हो गया था। अप्रैल में पेंशन की राशि 20 तारीख से आनी शुरू हुई, वहीं मई माह में यह राशि 29-30 मई को भुगतान की गयी। इसे लेकर लाभार्थियों में मायूसी होने लगी थी। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री तक पहुंची। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसे गंभीरता से लेते हुए आज समाज कल्याण विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इसी में उन्होंने वृद्धा पेंशन को हर हाल में हर माह की 10 तारीख को खाता में भेजना सुनिश्चित करने का निदेश दिया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यह भी कहा कि राज्य में स्टंटिंग एवं वेस्टिंग के आंकड़ों में सुधार करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने परवरिश योजना सहित अन्य सामाजिक कल्याणकारी योजनाओं के दायरे का विस्तार करते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने का निर्देश दिया। साथ ही योजनाओं के अंतर्गत दी जाने वाली सहायता राशि एवं अन्य लाभों की पुनः समीक्षा करने को कहा। उन्होंने समाज कल्याण विभाग में रिक्त पदों को शीघ्र भरने की कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के माध्यम से सहयोग प्राप्त करने की संभावनाओं पर भी कार्य किया जाए।
उन्होंने राज्य के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित एवं प्रभावी संचालन को सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि लाभार्थियों को निर्धारित सेवाएं समय पर उपलब्ध करायी जाएं। साथ ही सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता एवं समयबद्ध निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का पूर्ण लाभ पहुंच सके। समीक्षा बैठक में समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता सहित तमाम संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।








