बिहार में 21 मार्च को मनायी जाएगी ईद, ऐलान होते ही मुबारकबाद देने लगे रोजेदार

Ajeet Kumar | Fulwari Sharif

बिहार की राजधानी पटना समेत देश के विभिन्न राज्यों में गुरुवार को कहीं भी शव्वाल का चांद नजर नहीं आने के बाद शनिवार 21 मार्च 2026 को ईद-उल-फितर मनाए जाने का ऐलान किया गया है। बिहार, झारखंड और उड़ीसा के मुसलमानों की प्रमुख संस्था इमारत-ए-शरिया, फुलवारी शरीफ और खानकाह मुजीबिया फुलवारी शरीफ सहित तमाम मुस्लिम इदारों ने संयुक्त रूप से चांद नजर नहीं आने की घोषणा की है। इमारत-ए-शरिया के काजी शरीयत हजरत मौलाना मुफ्ती मुहम्मद अनजर आलम कासमी और खानकाह मुजीबिया फुलवारी शरीफ के प्रबंधक हजरत मौलाना सैयद शाह मिनहाजुद्दीन कादरी मुजीबी ने एक साथ बयान जारी कर बताया कि 29 रमजान को चांद नजर नहीं आया है, इसलिए शुक्रवार को रमजान का आखिरी रोजा रखा जाएगा और शनिवार को ईद-उल-फितर की नमाज अदा की जाएगी। दोनों धार्मिक संस्थानों ने लोगों से शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ ईद मनाने की अपील की है।

चांद का ऐलान होते ही फुलवारी शरीफ और आसपास के इलाकों में खुशियों का माहौल बन गया। लोग एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद देने लगे. फोन, व्हाट्सएप, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों के जरिए भी बधाइयों का सिलसिला तेज हो गया। दूर-दराज के रिश्तेदारों और दोस्तों से भी लोगों ने संपर्क कर त्योहार की खुशियां साझा कीं। ईद की घोषणा के साथ ही बाजारों में भी रौनक अपने चरम पर पहुंच गयी है। फुलवारी शरीफ के विभिन्न इलाकों में देर रात तक बाजार गुलजार हैं और खरीदारी को लेकर जबरदस्त भीड़ उमड़ रही है। सड़कों से लेकर गली-मोहल्लों तक चहल-पहल बढ़ गयी है, वहीं घरों और मस्जिदों को सजाने का काम भी तेज हो गया है।

बहरहाल, चांद को लेकर ऐलान के बाद पूरे इलाके में ईद को लेकर उत्साह चरम पर है और हर ओर त्योहार की तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही हैं। पटना ही नहीं, बिहार के अन्य जिलों में भी ईद को लेकर खुशियों का माहौल है। मधुबनी, भागलपुर, मुंगेर, बांका, मोतिहारी, बेगूसराय, गोपालगंज, गया सहित अन्य जिलों से लेकर प्रखंड तक ईद की खुशियां देखी जा रही हैं। बिहार में सभी जगह ईद 21 मार्च को मनायी जाएगी।