Mukhiyajee Reporter | Patna
बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी कृष्णैया की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे आनंद मोहन की समय से पहले रिहाई को गुरुवार को शीर्ष अदालत ने रद्द कर दिया। कोर्ट ने उन्हें एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया है। तय समय में सरेंडर नहीं करने पर प्रशासन को कानून के मुताबिक उन्हें गिरफ्तार करना होगा। जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने यह फैसला जी कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया की याचिका पर सुनाया। उमा कृष्णैया ने बिहार सरकार के उस निर्णय को चुनौती दी थी, जिसके तहत जेल नियमों में बदलाव कर आनंद मोहन को सजा में छूट देकर रिहा किया गया था।

कोर्ट ने 10 अप्रैल 2023 को बिहार जेल मैन्युअल में किए गए संशोधन को असंवैधानिक करार दिया है। इस संशोधन के बाद ड्यूटी पर तैनात सरकारी सेवक की हत्या के दोषियों की समयपूर्व रिहाई पर लगी रोक हटा दी गयी थी। पीठ ने माना कि सरकार के पास इस चुनिंदा बदलाव का कोई ठोस कारण या उद्देश्य नहीं था। कोर्ट ने इसे मनमाना बताते हुए संविधान के अनुच्छेद 14 का उल्लंघन माना। इसी के साथ 24 अप्रैल 2023 को जारी रिहाई का आदेश भी खारिज कर दिया गया। आनंद मोहन इसके बाद सहरसा जेल से बाहर आए थे। फैसले में पीड़ित पक्ष के अधिकार पर भी अहम टिप्पणी की गयी है। कोर्ट ने कहा कि सजा पूरी होने से पहले रिहाई का कोई भी फैसला लेने से पहले पीड़ित या उसके परिवार, अथवा कानूनी प्रतिनिधि को अपनी बात रखने का पूरा मौका मिलना चाहिए। हालांकि उनकी आपत्ति अंतिम निर्णय को रोक नहीं सकती, लेकिन उनका पक्ष सुना जाना जरूरी है।

गौरतलब है कि 5 दिसंबर 1994 को मुजफ्फरपुर में भीड़ ने जी कृष्णैया की हत्या कर दी थी। इस मामले में निचली अदालत ने 3 अक्टूबर 2007 को आनंद मोहन को दोषी ठहराते हुए फांसी की सजा सुनायी थी। दिसंबर 2008 में पटना हाईकोर्ट ने फांसी को उम्रकैद में बदल दिया और अन्य आरोपियों को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया। जुलाई 2012 में सुप्रीम कोर्ट ने भी उम्रकैद की सजा बरकरार रखी थी। अप्रैल 2023 में तत्कालीन महागठबंधन सरकार ने जेल नियमावली में संशोधन किया था, जिसके बाद आनंद मोहन की रिहाई का रास्ता खुला। उस समय इस फैसले पर देशभर में सवाल उठे थे। आईएएस अधिकारियों के संघ ने भी इस पर निराशा जतायी थी। मई 2023 में सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार और आनंद मोहन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। लंबी सुनवाई के बाद अब कोर्ट ने अपना निर्णय सुनाया है, जिससे लगभग साढ़े तीन साल बाद आनंद मोहन को फिर जेल लौटना होगा। इस फैसले के बाद बिहार की राजनीति में भी हलचल तेज होने के आसार हैं।







