नरेंद्र सिंह कॉलेज के अध्यक्ष पद पर अजीत सिंह ने दिया योगदान, मुखियाजी ने नोटिफिकेशन की सबसे पहले छापी थी खबर

Mukhiyajee Reporter | Patna

मुंगेर के हवेली खड़गपुर स्थित नरेंद्र सिंह कॉलेज में शासी निकाय के गठन की दिशा में एक और अहम कदम बढ़ गया है। पटना हाईकोर्ट के आदेश और बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के पत्र के बाद दानदाता अध्यक्ष नामित किए गए अधिवक्ता अजीत कुमार सिंह ने कल 24 नवंबर को कॉलेज के अध्यक्ष पद का दायित्व ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य गिरेंद्र कुमार सिंह, अध्यापिका तमन्ना सेहर, अध्यापक आशीष कुमार सिंह, संजीव कुमार सहित कॉलेज के प्रमुख कर्मचारियों ने अंगवस्त्र भेंट कर और माला पहनाकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। बता दें कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के उप सचिव (कॉलेज स्थापना) ने इसी माह 5 नवंबर 2026 को पत्र जारी कर अजीत सिंह को कॉलेज की शासी निकाय एवं प्रबंध समिति के गठन के लिए दानदाता अध्यक्ष नामित किया था। यह निर्णय वर्ष 2024 में दायर सिविल रिट केस संख्या 8596 में पटना हाईकोर्ट के 27 अक्टूबर 2026 के फैसले के बाद लिया गया। इस खबर को सबसे पहले मुखियाजी डॉट कॉम ने प्रकाशित किया था।

पदभार ग्रहण करने के बाद आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए अध्यक्ष अजीत सिंह ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। कॉलेज की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और संस्थान की प्रगति को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और समाज के सहयोग से कॉलेज को विकास की नयी ऊँचाइयों तक ले जाने का सामूहिक प्रयास होगा। उन्होंने शिक्षकों और कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ संस्कार, नैतिक मूल्यों, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहें। उन्होंने बेहतर शैक्षणिक वातावरण के निर्माण के लिए सभी से सहयोग की अपेक्षा की और अपने दायित्व के प्रति पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज परिवार ने नवनियुक्त अध्यक्ष के नेतृत्व में संस्था के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर प्रगति की कामना की। पूरा कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

10 नवंबर को ही मुखियाजी डॉट कॉम ने अध्यक्ष बनाए जाने की खबर प्रमुखता से छापी थी… 👇