Mukhiyajee Reporter | Patna
पटना के बैरिया अंतरराष्ट्रीय बस टर्मिनल के पास से पीएमसीएच के एक डॉक्टर का डेढ़ साल का डॉगी गायब हो गया। सड़क पर अकेले घूम रहे नन्हे डॉगी को देखकर एक युवक और युवती उसे अपने साथ लेकर चले गये। घटना 19 नवंबर की रात की है। डॉगी के अचानक लापता होने से डॉक्टर का परिवार परेशान है। उसकी तलाश के लिए रामकृष्ण नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी है। इधर, डॉगी सिजू को लेकर जाने वाले युवक और युवती की तस्वीरें कई सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई हैं। अब पुलिस इन फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक-युवती की पहचान करने में जुटी है। डॉगी को ले जाने में इस्तेमाल किए गए टोटो चालक की भी तलाश की जा रही है। उनकी पहचान और डॉगी के ठिकाने का पता लगाने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस अलग-अलग सीसीटीवी फुटेज को खंगालकर उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।



जानकारी के अनुसार, पीएमसीएच में पदस्थापित डॉक्टर नीतीश कुमार की पत्नी दीपलता 19 नवंबर की रात अपने परिजनों के साथ बैरिया अंतरराष्ट्रीय बस टर्मिनल पहुंची थीं। उनके रिटायर बीडीओ पिता अपनी गाड़ी से परिवार के सदस्यों को बस स्टैंड छोड़ने आये थे। इसी दौरान डेढ़ साल का सफेद रंग का डॉगी गाड़ी से उतरकर सड़क पर चला गया. परिवार के लोगों को उस समय इसकी जानकारी नहीं हुई. जब वे वापस गाड़ी के पास पहुंचे तो डॉगी गायब था। परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की। इसी दौरान ग्रैंड स्नेह बैंक्वेट हॉल के सुरक्षा गार्ड सूरज ने बताया कि उसने एक युवक और युवती को सड़क पर अकेले घूम रहे डॉगी को गोद में उठाते देखा था। दोनों एक टोटो बुक कर उसे अपने साथ मेन रोड की ओर ले गये। गार्ड से मिली जानकारी के बाद परिवार ने युवक-युवती की तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।

इसके बाद दीपलता ने रामकृष्ण नगर थाने में आवेदन देकर डॉगी को खोजने की गुहार लगायी। परिवार के लिए डॉगी महज पालतू जानवर नहीं, बल्कि घर का सदस्य है। उसके अचानक गायब होने से सभी लोग परेशान हैं। इस संबंध में रामकृष्ण नगर थानेदार ने बताया कि डॉक्टर के परिवार का डॉगी गायब होने की शिकायत मिली है। पुलिस टीम उसकी तलाश में लगी हुई है। बैरिया अंतरराष्ट्रीय बस टर्मिनल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली गयी है। इस दौरान युवक और युवती की कई तस्वीरें सीसीटीवी में कैद हुई हैं। डॉगी को अपने साथ ले जाने वाले युवक और युवती की पहचान की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों डॉगी को कहां लेकर गये हैं।








