मुखियाजी छठ स्पेशल | भाग 11 : धरती मईया की अद्भुत डोर से बंधी हैं हमारी छठ मईया, प्रकृति के संदेशों को अपने जीवन में उतारें

Mukhiyajee Reporter | Patna

छठ का बाजार हर साल एक ही बात याद दिलाता है कि इस महापर्व की पूजा-सामग्री किसी कारखाने में नहीं, बल्कि खेत, बगीचे, तालाब और जंगल में उगती है। पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा, पूर्णिया, रोहतास, कैमूर से लेकर छोटे कस्बों और गांव के हाट तक सड़क किनारे बांस के सूप, दउरा और डलिया के ढेर लगे हैं। पास में गन्ने के हरे-पीले गट्ठर खड़े हैं और फल वालों के ठेले रंग-बिरंगे फलों से लदे हैं। ऐसा लगता है जैसे खेत-खलिहान और बाग-बगीचे खुद सज-धजकर बाजार में उतर आए हों।

छठ में सबसे पहले बांस की बात आती है। बांस का सूप और दउरा इस पर्व की पहचान हैं। मान्यता है कि बांस तेजी से बढ़ता है और एक से कई बांस निकलते हैं, इसलिए उसे वंश की बढ़ोतरी का प्रतीक माना जाता है। इसी भरोसे के साथ व्रती बांस के सूप में प्रसाद सजाकर सूर्य देव को अर्घ्य देती हैं। बांस की खासियत यह भी है कि पूजा के बाद यह मिट्टी में मिल जाता है और धरती को कोई नुकसान नहीं पहुंचाता। सूप में सजने वाले फल तो मानो प्रकृति का पूरा परिवार हैं। केला छठ का सबसे जरूरी फल माना जाता है, जिसका पूरा घौद पूजा में चढ़ता है। नारियल पेड़ की ऊंची डाल से आता है और अपनी पूरी सादगी के साथ सूप में बैठता है। सेब, संतरा, मौसमी और अनार जाड़े की शुरुआत की सौगात हैं, तो अमरूद, शरीफा, नाशपाती जैसे फल गांव के बाग-बगीचों की मिठास लेकर आते हैं। अनानास अपनी अलग खुशबू से सूप की शोभा बढ़ाता है। तो मूली गांव की फसल को बढ़ावा देती है। तालाबों और पोखरों से मिलने वाला सिंघाड़ा, यानी पानीफल बताता है कि पूजा में पानी भी उतना ही पवित्र है जितनी धरती।

इन फलों के साथ मिट्टी के भीतर पकने वाली चीजें भी पूजा में शामिल होती हैं। सुथनी जैसी कंद-मूल, कच्ची हल्दी और अदरक के हरे पौधे सीधे जमीन से निकलकर सूप में सजते हैं। नींबू की तीखी खुशबू, खासकर डाभ नींबू, पूजा के सूप में ताजगी भर देती है। गन्ने के लंबे डंठल खेत की मेहनत की मिठास का प्रतीक बनकर घाट पर खड़े होते हैं, और उसी गन्ने से बना गुड़ प्रसाद में मिठास घोलता है। गेहूं खेत से आता है, जिसे घर-घर साफ कर धूप में सुखाया जाता है और फिर खुद से लोग घर की चक्की में पीसते हैं। हालांकि, अब बहुत से घरों में मशीन से पिसा हुआ आटा का उपयोग होने लगा है। इन सब चीजों से इतना तो स्पष्ट है इस महापर्व का सीधा रिश्ता प्रकृति से है। सबसे खास बात यह है कि छठ में चढ़ाए जाने वाले ये सारे फल और अनाज मौसम के होते हैं। जो चीज उस वक्त खेत, बाग या तालाब में पक रही हो, वही सूर्य देव को अर्पित होती है। इस तरह छठ मौसम और प्रकृति के चक्र से तालमेल बिठाना सिखाता है। सब कुछ धरती मइया का दिया हुआ उपहार है।

बहरहाल, छठ का यह बाजार हमें साफ संदेश देता है कि फल-फलेरी और बांस के सूप जैसे प्रकृति के उपहारों से हमारा रिश्ता बहुत गहरा है। हमें न केवल प्रकृति से जुड़कर रहना है, बल्कि इन उपहारों को बचाना भी है। बांस रहेगा तो सूप बनेगा, बाग-बगीचे रहेंगे तो फल मिलेंगे और खेत हरे रहेंगे तो गन्ने की मिठास बनी रहेगी। नदी और पोखर के किनारे खड़े होकर अर्घ्य देने की परंपरा भी यही याद दिलाती है कि जल ही जीवन है। इस मूलमंत्र को सिर्फ महापर्व के चार दिनों में नहीं, बल्कि सब दिन अपनाना होगा। हमें साल भर नदी और पोखरों को साफ रखना होगा, गांव-गलियों को स्वच्छ रखना होगा। ताकि, हर पीढ़ी को वही साफ पानी और वही हरी-भरी धरती मिले, जिसके किनारे खड़ी होकर आज की व्रती सूर्य को अर्घ्य देती हैं। धरती मईया की इसी अद्भुत डोर से बंधी हैं हमारी छठ मईया। इसलिए आइए, प्रकृति के इन संदेशों को सिर्फ घाट पर नहीं, अपने पूरे जीवन में उतारें। यही छठ का सबसे बड़ा प्रसाद और सबसे बड़ा संदेश है।