Chhath Puja 2027 : जापान से बिहार पहुंचीं काना मियामुरा, नवादा के पिरौटा में छठ की परंपराओं को करीब से जानकर हुईं भावविभोर

Mukhiyajee Reporter | Dr Pankaj Kumar Sinha

बिहार की सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराएं अब सात समंदर पार के लोगों को भी अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं। इसका एक सुंदर उदाहरण नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड स्थित पिरौटा गांव में देखने को मिला, जहां जापान से आईं शिक्षिका काना मियामुरा ने छठ महापर्व की पारंपरिक शुरुआत नहाय-खाय के साथ की। भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और ग्रामीण जीवनशैली को करीब से अनुभव करने के लिए उनका गांव पहुंचना स्थानीय लोगों के बीच भी आकर्षण का विषय बना हुआ है। जापान की निवासी काना मियामुरा विशेष रूप से बिहार के पारंपरिक छठ पर्व को समझने और इसकी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विशेषताओं का अनुभव करने पिरौटा पहुंची हैं। उन्होंने नहाय-खाय की परंपरा के साथ इस महापर्व के आयोजन को करीब से देखा और भारतीय संस्कृति के प्रति अपनी रुचि प्रदर्शित की। सूर्यदेव की उपासना, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और कठिन नियमों के साथ मनाया जाने वाला छठ पर्व विदेशी मेहमानों के लिए भी भारतीय संस्कृति को समझने का अनूठा अवसर प्रदान करता है।

पिरौटा गांव स्थित प्राचीन सूर्य मंदिर इस क्षेत्र की धार्मिक पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र है। छठ पूजा के दौरान यहां विशेष श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहता है। सूर्य उपासना की प्राचीन परंपरा से जुड़े इस मंदिर में स्थानीय श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। इसी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों तक पहुंचाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। इस पहल में पिरौटा निवासी एडवोकेट रंजन कुमार की अहम भूमिका है। वे भारत और जापान के बीच पर्यटन एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के साथ बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। गौरतलब है कि इस वर्ष होली के अवसर पर भी रंजन कुमार ने जापान से आए पर्यटकों को पिरौटा गांव लाकर स्थानीय ग्रामीणों के साथ होली मनाने का अवसर उपलब्ध कराया था। अब छठ महापर्व के माध्यम से विदेशी मेहमानों को बिहार की धार्मिक परंपराओं और लोक आस्था से जोड़ने की यह पहल आगे बढ़ रही है।

रंजन कुमार का मानना है कि पर्यटन का अर्थ केवल ऐतिहासिक स्मारकों और बड़े शहरों का भ्रमण करना नहीं है, बल्कि किसी देश की वास्तविक पहचान उसके गांवों, त्योहारों, खानपान, पारिवारिक परंपराओं और स्थानीय लोगों के जीवन में भी छिपी होती है। यदि इन सांस्कृतिक अनुभवों को व्यवस्थित रूप से अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों तक पहुंचाया जाए तो बिहार ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में नयी पहचान बना सकता है। उनका प्रयास है कि जापान सहित अन्य देशों के पर्यटक बिहार के गांवों में आकर यहां की परंपराओं को केवल देखें ही नहीं, बल्कि स्थानीय समुदाय के साथ समय बिताकर उन्हें समझें और अनुभव करें। इससे सांस्कृतिक संबंध मजबूत होने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्थानीय रोजगार को भी प्रोत्साहन मिल सकता है। बहरहाल, जापानी शिक्षिका काना मियामुरा की पिरौटा में उपस्थिति इस बात का संकेत है कि बिहार की लोक संस्कृति में अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित करने की पर्याप्त क्षमता है। छठ जैसे महापर्व के माध्यम से पिरौटा गांव भारत और जापान के बीच सांस्कृतिक मैत्री का एक नया उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।