वित्तरहित शिक्षकों-कर्मियों के लिए बड़ी खुशखबरी; अकाउंट में सीधे पहुंचेगा अनुदान, BSEB ने RTGS से शुरू किया भुगतान

Mukhiyajee Education Reporter | Patna

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की घोषणा का अभी माह भर ही होने को है और बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने उस पर अमल करना शुरू कर दिया। बिहार सरकार के निर्देश पर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने वित्तरहित माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मियों के खाते में अनुदान की राशि सीधे RTGS के माध्यम से भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एसएम ने बुधवार को बताया कि इस व्यवस्था के तहत आज से राशि का भुगतान प्रारंभ हो गया है और अगले दो दिनों में सभी पात्र कर्मियों के खाते में पैसा पहुंचा दिया जाएगा। आज काफी संख्या में कर्मियों को राशि भेजी गयी है। बता दें कि मुख्यमंत्री ने माह भर पहले हुई कैबिनेट मीटिंग में वित्तरहित माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मियों को अनुदान देने का निर्णय लिया था।

डॉ. त्यागराजन ने यह भी कहा कि बिहार सरकार द्वारा लिये गये निर्णय के क्रम में यह कदम उठाया गया है। पहले ही दिन अच्छी संख्या में शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मियों के बैंक खातों में अनुदान की राशि भेज दी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूरी प्रक्रिया आगामी दो दिनों के भीतर पूर्ण कर ली जाएगी, ताकि किसी भी कर्मी को परेशानी न हो। उन्होंने जारी प्रेस बयान में बताया कि अनुदान का वितरण वित्तरहित विद्यालयों की प्रबंध समितियों से प्राप्त सूची और संबंधित जिले के जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा प्रतिहस्ताक्षरित प्रपत्र के आधार पर किया जा रहा है। यानी जिन संस्थानों से दस्तावेज समिति को मिल चुके हैं, वहां के कर्मियों को भुगतान किया जा रहा है। जिन वित्तरहित संस्थानों की ओर से प्रबंध समिति से अनुमोदित सूची और जिला शिक्षा पदाधिकारी से प्रतिहस्ताक्षरित प्रपत्र अब तक समिति को नहीं भेजे गए हैं, वहां से ये दस्तावेज मंगाए जा रहे हैं। दस्तावेज मिलते ही उन संस्थानों के शिक्षकों और कर्मियों को भी अनुदान राशि भेजने की प्रक्रिया आगामी दो दिनों में पूरी कर ली जाएगी।

उन्होंने कहा कि ऐसे में संबंधित विद्यालय प्रबंधन से अपेक्षा की गयी है कि वे जल्द से जल्द अपेक्षित कागजात समिति को उपलब्ध कराएं। समिति की ओर से यह भी कहा गया है कि RTGS के जरिये सीधे खाते में राशि भेजे जाने से अनुदान वितरण की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी और सरल हो गयी है। इससे बिचौलियों की गुंजाइश घटेगी और राशि बिना देरी के सीधे लाभुकों तक पहुंचेगी। लंबे समय से अनुदान का इंतजार कर रहे वित्तरहित विद्यालयों के शिक्षकों और कर्मियों के लिए यह व्यवस्था राहत भरी मानी जा रही है। समिति ने इसे शिक्षक हितैषी कदम बताया है।