Mukhiyajee Reporter | Patna
बिहार बोर्ड की इंटरमीडिएट और मैट्रिक वार्षिक परीक्षा, 2027 के लिए अब तक रजिस्ट्रेशन नहीं करा पाने वाले स्टूडेंट्स के लिए राहत की खबर है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने ऐसे छूटे हुए स्टूडेंट्स को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने का विशेष अवसर दिया है। यह अंतिम मौका 1 अक्टूबर से 6 अक्टूबर 2026 तक उपलब्ध रहेगा। समिति के अध्यक्ष डॉ त्यागराजन एसएम ने बताया कि 2027 की वार्षिक परीक्षा के लिए जो स्टूडेंट किसी कारणवश रजिस्ट्रेशन से वंचित रह गए थे, उनके ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और अनुमति आवेदन के लिए शिक्षण संस्थानों को यह अंतिम अवसर दिया गया है। यानी अब तक जो छात्र-छात्राएं रजिस्ट्रेशन नहीं करा सके, वे अपने स्कूल या कॉलेज के माध्यम से इस अवधि में आवेदन करा सकते हैं।

बिहार बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि में छूटे हुए विद्यार्थियों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और अनुमति आवेदन विलंब शुल्क के साथ भरा जाएगा। ऐसे में विद्यार्थियों और अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे अतिरिक्त शुल्क और समय की तंगी से बचने के लिए तय तारीख से पहले ही अपने संस्थान से संपर्क कर प्रक्रिया पूरी करा लें। बहरहाल यह खबर उन स्टूडेंट्स के लिए बेहद अहम है, जो किसी कारणवश 2027 की इंटरमीडिएट और मैट्रिक वार्षिक परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं करा पाए थे। रजिस्ट्रेशन के बिना परीक्षा में शामिल होना संभव नहीं है, इसलिए यह मौका किसी भी हाल में हाथ से नहीं जाने देना चाहिए। 6 अक्टूबर के बाद दोबारा अवसर मिलने की उम्मीद कम है, ऐसे में देरी करना विद्यार्थियों के लिए भारी पड़ सकता है।
इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और शुल्क जमा करने के लिए वेबसाइट https://intermediate.biharboardonline.com निर्धारित की गई है। वहीं, मैट्रिक के विद्यार्थियों के लिए रजिस्ट्रेशन और शुल्क जमा करने की वेबसाइट https://secondary.biharboardonline.org है। इसके अलावा मैट्रिक के लिए डायरेक्ट लिंक https://biharboardonline.org भी उपलब्ध कराया गया है।



इसे भी क्लिक करें : बिहार बोर्ड ने दी स्टूडेंट्स को बड़ी राहत, इंटरमीडिएट और मैट्रिक परीक्षा 2027 के फॉर्म अब 15 अक्टूबर तक भरे जाएंगे…



