बिहार बोर्ड ने दी स्टूडेंट्स को बड़ी राहत, इंटरमीडिएट और मैट्रिक परीक्षा 2027 के फॉर्म अब 15 अक्टूबर तक भरे जाएंगे

Mukhiyajee Reporter | Patna

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने इंटरमीडिएट और मैट्रिक वार्षिक परीक्षा, 2027 के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि फिर बढ़ा दी है। अब स्टूडेंट्स के फॉर्म 15 अक्टूबर 2026 तक भरे जा सकेंगे। समिति के इस फैसले से उन हजारों स्टूडेंट्स को बड़ी राहत मिली है, जो किसी न किसी कारणवश अब तक फॉर्म नहीं भर पाए थे। समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एसएम ने बताया कि इंटरमीडिएट एवं मैट्रिक वार्षिक परीक्षा, 2027 में सम्मिलित होने के लिए स्टूडेंट्स का ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म शिक्षण संस्थानों के प्रधान द्वारा भरा जाएगा। स्टूडेंट्स के हित को ध्यान में रखते हुए इसके लिए अब विस्तारित अवधि दी गयी है, ताकि कोई भी स्टूडेंट परीक्षा से वंचित न रह जाए।

गौरतलब है कि इंटरमीडिएट एवं मैट्रिक वार्षिक परीक्षा, 2027 के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि आज 30 सितंबर समाप्त हो रही थी। अब इसे बढ़ाकर 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 तक कर दिया गया है। यानी तय अवधि में फॉर्म और शुल्क जमा करने के लिए विद्यार्थियों और स्कूलों के पास लगभग दो सप्ताह का अतिरिक्त समय होगा।

इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा, 2027 का परीक्षा फॉर्म भरने के लिए वेबसाइट https://intermediate.biharboardonline.com निर्धारित है। वहीं, मैट्रिक वार्षिक परीक्षा, 2027 का परीक्षा फॉर्म भरने के लिए वेबसाइट https://exam.biharboardonline.org निर्धारित की गयी है। समिति की ओर से विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से अपील की गयी है कि वे बढ़ी हुई तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपने स्कूल या कॉलेज के प्रधान से संपर्क कर फॉर्म भरवा लें, ताकि अंतिम समय में किसी तरह की परेशानी न हो।