‘तेजस्वी जी अपने भाइयों को सचेत कर दीजिए, सम्राट की सरकार किसी को बख्शेगी नहीं’, जमुई कांड पर जीतनराम मांझी का राजद पर सीधा सियासी हमला

Mukhiyajee Reporter | Patna

बिहार की सियासत एक बार फिर गरमा गयी है। केंद्रीय मंत्री और हम (सेक्युलर) के प्रमुख तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने जमुई से जुड़े एक मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा निशाना साधा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए मांझी ने लिखा है- ‘हम बोलते नहीं करके दिखलाते हैं।’ उन्होंने अपने पोस्ट में दावा किया है कि जमुई में लड़की के साथ छेड़छाड़ कर उसका वीडियो बनाया गया था, ताकि राज्य सरकार को बदनाम किया जा सके। उन्होंने तेजस्वी यादव के उस पुराने बयान का जिक्र किया, जिसमें तेजस्वी अक्सर कहते रहे हैं कि बिहार-यूपी का हर ‘यादव’ उनका भाई है। मांझी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि इसी बयान का हवाला देकर अब तेजस्वी यह कह सकते हैं कि ‘सम्राट चौधरी ने मेरे भाई को ठोकवा दिया।’

अपने पोस्ट में मांझी ने चेतावनी भरे लहजे में लिखा कि वे अब भी तेजस्वी यादव से अपील करेंगे कि वे अपने ‘भाइयों’ को सचेत कर दें, वरना सम्राट चौधरी की सरकार किसी को बख्शने वाली नहीं है। मांझी ने इस पूरे प्रकरण को ‘सम्राट का सुशासन’ करार देते हुए उन्होंने अपने पोस्ट में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को भी टैग किया। गौरतलब है कि जीतनराम मांझी एनडीए के प्रमुख घटक दलों में शामिल हैं और अक्सर राजद व तेजस्वी यादव पर सीधे और तीखे बयान देने के लिए जाने जाते हैं। उनका यह ताजा पोस्ट भी उसी राजनीतिक शैली को दर्शाता है, जहां उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में विपक्ष को घेरने की कोशिश की है।

बहरहाल, जमुई के इस मामले में राजद या तेजस्वी यादव की ओर से जीतनराम मांझी को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आयी है। मांझी के इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर सियासी बहस तेज हो गयी है और दोनों पक्षों के समर्थक अपने-अपने तर्कों के साथ आमने-सामने आ गए हैं। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और बयानबाजी होने की संभावना जतायी जा रही है। हालांकि, इस मामले में जमुई पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसमें कुछ आरोपी तो नाबालिग हैं। इतना ही नहीं, दो आरोपी भागने के क्रम में पुलिस मुठभेड़ के शिकार हो गये। इनमें से पुलिस ने मुख्य आरोपी नंदन यादव को हाफ एनकाउंटर किया। उसे पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा भागने के दौरान गिर पड़ा, जिससे उसका एक पैर टूट गया।