बिहार में शनिवार को अब हाफ डे, एमएलसी जीवन कुमार ने उठाया था सदन में मामला; शिक्षक ने लिखा- जीवन भैया जो कहते हैं, करते हैं

Mukhiyajee Reporter | Rajesh Thakur

बिहार के सभी 77370 सरकारी स्कूलों में अब हर शनिवार को अब हाफ डे होगा। यह व्यवस्था 7 अगस्त से लागू होगी। सरकार की ओर से आज गुरुवार को इस संबंध में पत्र जारी किया है। इसकी जानकारी शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने पत्रकारों को दी। दरअसल, 24 जुलाई को मानसून सत्र में गया शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान पार्षद जीवन कुमार ने सदन की कार्यवाही के दौरान राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में पूर्व की भांति शनिवार को ‘हाफ डे’ (Half Day) लागू करने के महत्वपूर्ण मुद्दे को पूरी मजबूती के साथ उठाया था। शिक्षकों की इस जायज मांग पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने न केवल सकारात्मक संज्ञान लिया, बल्कि इसके महज 4 दिन बाद यानी 28 जुलाई को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तारापुर विधान सभा क्षेत्र के सरस्वती विद्या निकेतनों (मॉडल स्कूल) का समेकित उदघाटन समारोह में घोषणा की थी कि सूबे के सभी सरकारी स्कूल शनिवार को हाफ डे चलेंगे। जीवन कुमार ने सोशल मीडिया पर लिखा कि आखिर सरकार ने शनिवार को हाफ डे की छुट्टी जारी कर दी। इस पर यूजर सुरेंद्र वर्मा ने लिखा कि जीवन भैया जो कहते हैं, 100% करते हैं।

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने आज गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सरकारी स्कूलों को शनिवार को हाफ डे करने के आदेश शिक्षा विभाग द्वारा जारी कर दिये गये हैं। इसके तहत शनिवार को सरकारी स्कूल अब पूर्वाह्न 9.30 से अपराह्न एक बजे तक चलेंगे। उस दिन प्रारंभिक विद्यालयों में पूर्वाह्न 9.30 से मध्याह्न 12 बजे तक ही कक्षा एवं गतिविधि संचालित होगी। उसके बाद 12.40 बजे अपराह्न तक बच्चों को मध्याह्न भोजन कराने के बाद छुट्टी दे दी जायेगी। दूसरी ओर माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में अपराह्न एक बजे तक ही शिक्षण कार्य होगा। शिक्षण कार्य के बाद अपराह्न एक बजे छुट्टी हो जायेगी। इसके साथ ही प्रतिदिन कक्षा अवधि के क्रम में एक घंटा शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा अगले दिन एवं सप्ताह के लिए पाठ्य योजना, मूल्यांकन कार्य, शिक्षक डायरी अद्यतन, छात्रों के गृह कार्य की जांच, प्रयोगशाला प्रबंधन आदि का कार्य करेंगे। उसके बाद ही विद्यालय से शिक्षक प्रस्थान करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों को शनिवार को हाफ डे किये जाने से शिक्षकों एवं शिक्षक संगठनों की चिरप्रतीक्षित मांग पूरी हुई है। इससे शिक्षकों को बड़ी राहत मिलेगी।

बहरहाल, शिक्षा विभाग द्वारा आदेश जारी होने के साथ ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की घोषणा कार्यान्वित हो गयी है। बता दें कि 12 दिसंबर, 2025 के पहले यहां के सभी सरकारी स्कूल शनिवार को हाफ डे ही चला करते थे। लेकिन, शिक्षा विभाग के तत्कालीन अपर मुख्य सचिव केके पाठक ने इस आदेश को रद्द करते हुए स्कूल टाइम शनिवार को भी पूर्वाह्न 9.30 से अपराह्न 4 बजे तक कर दिया था। इसकी खुशी जब विधान पार्षद जीवन कुमार ने सोशल मीडिया पर जारी किया तो विभिन्न संगठनों से जुड़े 200 से अधिक शिक्षकों ने उस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। मो सरफराज आलम ने उनकी प्रशंसा करते हुए लिखा है कि शनिवार को पुनः हाफ-डे लागू कराने के लिए आपका निरंतर संघर्ष, अथक मेहनत, शिक्षा विभाग से लगातार संवाद और शिक्षकों की समस्याओं को मजबूती से उठाने का परिणाम आज पूरे शिक्षक समाज के सामने है। आपके इस प्रयास से शिक्षकों और विद्यार्थियों दोनों को बड़ी राहत मिली है। शिक्षक समाज आपके इस योगदान को सदैव याद रखेगा। वहीं एक यूजर जगजीवन राम ने लिखा है कि इसमें उर्दू विद्यालय का हाफ डे कब होगा, शनिवार या गुरुवार। इसको भी एक बार पुनः संज्ञान लीजिए।