Rajesh Thakur | Patna
पंचायत राज संस्थाओं से जुड़े विभिन्न संगठनों की ओर से आगामी 3 जून 2026 को राजधानी पटना में त्रिस्तरीय और ग्राम कचहरी प्रतिनिधियों का महाजुटान होगा। कार्यक्रम का आयोजन आरक्षण, परिसीमन तथा पंचायत प्रतिनिधियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर किया जा रहा है। बिहार मुखिया संघ के प्रदेश अध्यक्ष मिथिलेश कुमार राय ने बताया कि यह महाजुटान सुबह 10:30 बजे से दारोगा प्रसाद राय ट्रस्ट भवन में आयोजित होगा, जिसमें बिहार के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधियों के शामिल होंगे।
इस महाजुटान में जिला परिषद अध्यक्ष, मुखिया संघ के जिला एवं प्रखंड अध्यक्ष, प्रमुख संघ के प्रतिनिधि, पंच-सरपंच संघ के पदाधिकारी तथा सक्रिय मुखियागण सहित पंचायत स्तर से जुड़े कई प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि पंचायत राज संस्थाओं की मजबूती, प्रतिनिधियों के अधिकारों की सुरक्षा और लंबित मांगों को लेकर यह एक महत्वपूर्ण बैठक है। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं, आरक्षण व्यवस्था, परिसीमन प्रक्रिया तथा स्थानीय निकायों के अधिकारों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। साथ ही सरकार तक पंचायत प्रतिनिधियों की आवाज प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति भी तय होगी।
इस महाजुटान के आयोजन में मुखिया महासंघ बिहार, जिला परिषद अध्यक्ष संघ बिहार, प्रमुख संघ बिहार, पंच सरपंच संघ बिहार तथा पंचायत वार्ड सदस्य संघ बिहार की भूमिका बतायी जा रही है। आयोजकों ने अधिक से अधिक पंचायत प्रतिनिधियों से कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है। बता दें कि पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश लगातार कह रहे हैं कि पंचायत चुनाव समय पर होगा और 2011 की जनसंख्या के आधार पर होगा। वहीं पंचायत से जुड़े तमाम संगठन चुनाव से पहले परिसीमन कराने की मांग कर रहे हैं। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि समय पर चुनाव होगा या आगे बढ़ेगा।








