Eid Mubarak 2026 : ईद मुबारक से गूंजा बिहार, अकीदत के साथ अदा की गयी नमाज; नीतीश की जगह निशांत पहुंचे गांधी मैदान

Ajeet Kumar | Patna

मुकद्दस माह-ए-रमजान के समापन के बाद पूरे बिहार में ईद का त्योहार पूरे अकीदत, एहतराम और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सुबह होते ही सबसे पहले ईद की नमाज अदा की गयी। पटना सहित तमाम जिलों में ईद को लेकर खुशी का माहौल है। राजधानी पटना समेत फुलवारी शरीफ और आसपास के शहरी व ग्रामीण इलाकों से हजारों की संख्या में नमाजी ईदगाहों और मस्जिदों में जुटे। इसके अलावा सिवान, गोपालगंज, मुंगेर, भागलपुर, दरभंगा, समेत अन्य जिलों में भी सुबह ईद की नमाज अदा की गयी।

पटना के गांधी मैदान में ईद की बधाई देते मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार।
मुंगेर में भी दिखीं ईद की खुशियां।
दरभंगा में ईद की बधाई देते अकीदतमंद।
पटना के फुलवारी शरीफ में ईद की नमाज अदा करते लोग।

नमाजियों ने अल्लाह की बारगाह में सजदा कर मुल्क, राज्य और शहर में अमन-शांति, तरक्की, खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी। ईद की नमाज को लेकर सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में रौनक देखने को मिली। छोटे-छोटे बच्चे नए कपड़ों में सज-धज कर अपने अभिभावकों के साथ नमाज अदा करने पहुंचे। बुजुर्ग, नौजवान और बच्चे सभी वर्ग के लोगों की मौजूदगी ने ईद की खुशियों को और भी खास बना दिया। अधिक भीड़ होने के कारण कई जगहों पर लोगों ने मस्जिदों की छतों और सड़कों पर भी नमाज अदा की। पटना के गांधी मैदान में नमाज को लेकर सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की गयी थी। यहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार पूरी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पहुचे और उन्होंने सबों को ईद की बधाई और शुभकामनाएं दी।

नमाज के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों के साथ-साथ स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। राजधानी पटना के संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी गयी और लगातार गश्ती अभियान चलाया गया, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके। राजधानी के मुस्लिम बहुल इलाकों जैसे हाई कोर्ट मस्जिद, पटना जंक्शन, सब्जीबाग, पीर दमड़िया, फकीरबाड़ा, सुल्तानगंज, राजाबाजार, समनपुरा, शेखपुरा, हमीदपुर कुर्जी, बांस कोठी, संगम कॉलोनी, मैनपुरा, दुजरा, लालकोठी दानापुर, सगुना मोड़, छोटी व बड़ी खगौल, जमालुद्दीन चक, दीघा, चितकोहरा, पहाड़पुर, अनीसाबाद के साथ-साथ फुलवारी शरीफ के खानकाह-ए-मुजीबिया, काजी नगर कॉलोनी, अहमद कॉलोनी, मिन्हाज नगर, शाही संगी मस्जिद, मिल्लत कॉलोनी, बौली, महत्वाना, लाल मियां की दरगाह, मिलकियाना, ईसापुर, खलीलपुरा, सबजपूरा, नया टोला, बोली मोहल्ला, कर्बला, गुलिस्तान मोहल्ला, नोहसा, परसा बाजार, अब्दुल्लाह चक जानीपुर, अकबरपुर, बेउर, भुसौला दानापुर समेत तमाम इलाकों में ईद की नमाज अदा की गयी।

नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। हर तरफ खुशियों का माहौल देखने को मिला। बच्चों में खास उत्साह रहा, वहीं बड़े-बुजुर्गों ने भी इस मौके पर एक-दूसरे को दुआएं दीं। लोग अपने रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों के घर जाकर ईद की खुशियां साझा करते नजर आए। ईद की नमाज के बाद खुतबे में उलेमाओं ने कहा कि रमजान हमें सब्र, परहेजगारी, रहमदिली और इंसानियत का पैगाम देकर गया है। हमें चाहिए कि हम इन शिक्षाओं को अपनी जिंदगी में उतारें और समाज में भाईचारा, मोहब्बत और एकता को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि ईद सिर्फ खुशी का त्योहार नहीं, बल्कि एक-दूसरे के प्रति प्यार, सम्मान और मदद का संदेश भी देती है। नमाज के बाद नमाजियों ने अल्लाह से दुआ की कि देश में हमेशा अमन-शांति कायम रहे, हर व्यक्ति खुशहाल रहे, समाज में आपसी सौहार्द बना रहे और देश तरक्की की राह पर आगे बढ़ता रहे। त्योहार को लेकर पूरे इलाके में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।